बीआईटी-मेसरा और आईआईटी-खड़गपुर ने संयुक्त अनुसंधान के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए
बीआईटी-मेसरा और आईआईटी-खड़गपुर ने संयुक्त अनुसंधान के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए
रांची, 22 जून (भाषा) बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी)-मेसरा और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-खड़गपुर ने अनुसंधान, अकादमिक और संस्थागत क्षमता निर्माण में संरचनात्मक साझेदारी के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस समझौते के तहत पांच साल की रूपरेखा (फ्रेमवर्क) तैयार की जाएगी, जिसे आपसी सहमति से आगे बढ़ाया जा सकता है। इसके तहत संयुक्त पीएचडी पर्यवेक्षण, प्रयोगशालाओं तक साझा पहुंच, बौद्धिक संपदा (आईपी) का विकास और व्यावसायीकरण, तथा कई तरह की सहयोगात्मक शैक्षणिक और अनुसंधान गतिविधियां शामिल होंगी।
बीआईटी-मेसरा के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना ने कहा, ‘‘आईआईटी-खड़गपुर के साथ यह साझेदारी शैक्षणिक उत्कृष्टता, प्रभावशाली अनुसंधान और नवाचार-प्रेरित विकास की दिशा में बीआईटी-मेसरा के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस साझेदारी के माध्यम से, हमारा उद्देश्य अपने छात्रों और संकाय के लिए नए अवसर पैदा करना है, साथ ही सहयोगात्मक अनुसंधान और तकनीकी विकास के माध्यम से राष्ट्रीय प्राथमिकताओं में योगदान देना है।’’
इस समझौते के तहत दोनों संस्थान एक संयुक्त एकीकृत एम.टेक-पीएचडी कार्यक्रम और दोहरी डिग्री की संभावनाओं को भी तलाशेंगे।
आईआईटी-खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘यह एमओयू ज्ञान साझा करने, संयुक्त अनुसंधान पहलों और क्षमता निर्माण की सुविधा प्रदान करेगा, जिससे दोनों संस्थानों और व्यापक शैक्षणिक समुदाय को लाभ होगा।’’
बयान में कहा गया है कि दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों को मिलाकर बनी एक संयुक्त एमओयू कार्यान्वयन समिति छह-महीने (द्विवार्षिक) की समीक्षाओं के साथ प्रगति पर निगरानी रखेगी।
भाषा वैभव रंजन
रंजन

Facebook


