चंडीगढ़, 21 मई (भाषा) पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता बलतेज पन्नू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को ‘‘आईएसआई एजेंट’’ बताने संबंधी कथित टिप्पणी को लेकर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू की बृहस्पतिवार को कड़ी आलोचना करते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की।
पन्नू ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मान ने पंजाब में कई विकास कार्य किए हैं और उन्हें बिट्टू से किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।
बिट्टू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विदेशी दौरों पर सवाल उठाने को लेकर मान पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा था कि देश के प्रधानमंत्री होने के नाते मोदी को पूरी दुनिया में यात्रा करनी पड़ती है।
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया था कि मान ‘‘आईएसआई एजेंट’’ हैं और वह देश को खतरे में डालना चाहते हैं।
बिट्टू पर पलटवार करते हुए पन्नू ने कहा, ‘‘आप भगवंत मान पर आरोप लगा रहे हैं। उन्हें आपसे किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि बिट्टू ने उस मुख्यमंत्री के खिलाफ यह टिप्पणी की है जिसने पंजाब में विकास के कई कार्य किए, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में ‘‘क्रांति’’ लाई तथा लोगों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई।
पन्नू ने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में मान ने जितने काम किए हैं, उतने देश का कोई अन्य मुख्यमंत्री नहीं कर पाया।
आम आदमी पार्टी के नेता ने कहा, ‘‘क्या आप उन्हें आईएसआई एजेंट कह रहे हैं? क्या कोई आईएसआई एजेंट लोगों के लिए इतने काम कर सकता है?’’
पन्नू ने कहा, ‘‘आप (बिट्टू) को यह आरोप लगाने के लिए पंजाबियों से माफी मांगनी चाहिए।’‘
उन्होंने बिट्टू से सवाल किया, ‘‘मान को आईएसआई एजेंट कहने के लिए आपके पास क्या सबूत हैं?’’
प्रधानमंत्री मोदी के नागरिकों से विदेशी यात्रा स्थगित करने की अपील के संदर्भ में उनके विदेश जाने पर भगवंत मान द्वारा सवाल उठाने के बाद बिट्टू ने बुधवार को आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री मान प्रधानमंत्री के काम में बाधा डालना चाहते हैं।
बिट्टू ने कहा था, ‘‘क्या आप (मान) अपनी तुलना प्रधानमंत्री से करते हैं? क्या आप प्रधानमंत्री जितना काम कर सकते हैं? वह देश के प्रधानमंत्री हैं और उन्हें दुनिया भर में जाना पड़ता है। अगर वह विदेश नहीं जाएंगे तो तेल और गैस के मुद्दों का समाधान कैसे होगा?’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा था, ‘‘उन्हें (मान को) क्या पता? यह गंभीर मामला है। मैं कहना चाहता हूं कि यह व्यक्ति आईएसआई एजेंट है और आईएसआई के इशारे पर देश को खतरे में डालना चाहता है। वह प्रधानमंत्री के काम में बाधाएं पैदा करना चाहता है। मैं लोगों से उस पर नजर रखने की अपील करता हूं।’’
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच मोदी ने ईंधन के विवेकपूर्ण इस्तेमाल, सोने की खरीद और विदेश यात्राएं टालने की अपील की है।
प्रधानमंत्री ने लोगों से ईंधन बचाने के लिए शहरों में मेट्रो रेल सेवाओं का उपयोग करने, कार पूलिंग बढ़ाने, इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक इस्तेमाल करने और घर से काम करने का आग्रह किया है।
इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी है।
भाषा रवि कांत मनीषा
मनीषा