भाजपा ने सोनिया गांधी पर पाकिस्तान में गुरुद्वारा ढहाए जाने पर ‘चुप्पी’ साधने का आरोप लगाया

भाजपा ने सोनिया गांधी पर पाकिस्तान में गुरुद्वारा ढहाए जाने पर ‘चुप्पी’ साधने का आरोप लगाया

भाजपा ने सोनिया गांधी पर पाकिस्तान में गुरुद्वारा ढहाए जाने पर ‘चुप्पी’ साधने का आरोप लगाया
Modified Date: July 2, 2026 / 09:00 pm IST
Published Date: July 2, 2026 9:00 pm IST

नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पर पाकिस्तान में 125 साल पुराने एक गुरुद्वारे को कथित तौर पर ढहाए जाने पर “चुप्पी साधने” का बृहस्पतिवार को आरोप लगाया और कहा कि विपक्षी पार्टी मानवाधिकार और अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न जैसे मुद्दों पर दोहरा रवैया अपनाती है।

इससे पहले बुधवार को भारत ने पाकिस्तान में 125 साल पुराने गुरुद्वारे को ढहाए जाने की खबरों को बुधवार को “बेहद दुखद” करार देते हुए इस्लामाबाद से दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की थी।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि गांधी और अन्य “मानवाधिकारों के पैरोकार” पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की स्थिति पर चुप रहते हैं।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “मानवाधिकारों के कुछ पैरोकार जैसे सोनिया गांधी गाज़ा पर लेख लिखती हैं, लेकिन पाकिस्तान में सिखों के उत्पीड़न, बांग्लादेश और पाकिस्तान में हिंदुओं पर अत्याचार या यहां तक कि उइगर क्षेत्र में मुसलमानों पर हो रहे अत्याचार और पाकिस्तान की बमबारी में मारे गए मुसलमानों पर पूरी तरह चुप रहती हैं।”

पूनावाला ने कहा, ‘‘इससे दोहरा मापदंड दिखाई देता है। वे गाजा के लिए आवाज उठाते हैं लेकिन पाकिस्तान में हमारे सिख भाइयों के मामले में चुप रहते हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान को अल्पसंख्यक अधिकारों पर भारत या दुनिया को उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा, “पाकिस्तान भारत और दुनिया को अल्पसंख्यक अधिकारों पर उपदेश देता है, यह दोहरा मापदंड है। देखिए पाकिस्तान में सिख समुदाय के साथ क्या हो रहा है।”

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि गुरु नानक देव से जुड़े कई स्थलों को भी अतीत में निशाना बनाया गया है और ऐसी घटनाओं पर कोई कार्रवाई नहीं होती।

उन्होंने दावा किया कि विभाजन के समय पाकिस्तान में सिख आबादी लगभग 20 लाख थी, जो अब घटकर कुछ हजार रह गई है।

उन्होंने कहा, “सिख आबादी 1947 में 20 लाख से घटकर कुछ हजार रह गई है, यानी 99 प्रतिशत की गिरावट।”

उन्होंने कहा कि यही कारण है कि भारत सरकार ऐसी घटनाओं की निंदा करती है और पाकिस्तान में प्रताड़ित हिंदू, सिख और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है।

भाषा अमित जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में