भाजपा ने पार्टी प्रवक्ताओं से असम में सरकार की उपलब्धियों को उजागर करने को कहा

भाजपा ने पार्टी प्रवक्ताओं से असम में सरकार की उपलब्धियों को उजागर करने को कहा

भाजपा ने पार्टी प्रवक्ताओं से असम में सरकार की उपलब्धियों को उजागर करने को कहा
Modified Date: March 21, 2026 / 08:29 pm IST
Published Date: March 21, 2026 8:29 pm IST

नयी दिल्ली, 21 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने शनिवार को असम में पार्टी के प्रवक्ताओं और टेलीविजन कार्यक्रमों में चर्चा में शामिल होने वाले नेताओं से कहा कि वे राज्य में राजग की ‘‘डबल इंजन’’ वाली सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से उजागर करें और कांग्रेस की ‘‘तुष्टीकरण की राजनीति’’ का ‘‘जोरदार तरीके से पर्दाफाश’’ करें।

गुवाहाटी में पार्टी की असम इकाई के प्रवक्ताओं और टीवी कार्यक्रमों में शामिल होने वाले नेताओं के लिए आयोजित एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला को संबोधित करते हुए, भाजपा सांसद ने विश्वास जताया कि जनता के आशीर्वाद से, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पूर्वोत्तर राज्य में लगातार तीसरी जीत हासिल करेगा और नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत हासिल करेगा।

भाजपा ने बलूनी के हवाले से एक बयान में कहा, ‘‘असम की जनता ने कांग्रेस पार्टी की तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति को पूरी तरह से खारिज करने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व में जारी ‘विकसित भारत’ के सफर को और मजबूत करने का मन बना लिया है।’’

बलूनी ने कहा कि मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम ने ‘‘विकास की एक नयी गाथा’’ लिखी है।

उन्होंने कहा, ‘‘आज असम पूर्वोत्तर में विकास के प्रवेश द्वार के रूप में उभर रहा है। राजग की ‘डबल इंजन’ वाली सरकार के नेतृत्व में असम ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।’’

पार्टी ने कहा कि कार्यशाला के सत्रों में पार्टी के राज्य प्रवक्ताओं और टेलीविजन पर चर्चाओं में शामिल होने वाले नेताओं को चुनाव के दौरान भाजपा के रुख को ‘‘प्रभावी ढंग से’’ रखने और तथ्यों के आधार पर विपक्ष का जोरदार खंडन करने के निर्देश दिए जाते हैं।

बयान में कहा गया है, ‘‘केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में पहले ही मीडिया कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। बंगाल भाजपा की मीडिया कार्यशाला शुक्रवार को कोलकाता में आयोजित की गई थी। इसी क्रम में, पार्टी की मीडिया कार्यशाला आज गुवाहाटी में आयोजित की गई।’’

असम विधानसभा के 126 सदस्यों के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना चार मई को होगी।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में