भाजपा समर्थित उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों के सामने 10 दुकानों में आग लगायी: अभिषेक बनर्जी

भाजपा समर्थित उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों के सामने 10 दुकानों में आग लगायी: अभिषेक बनर्जी

भाजपा समर्थित उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों के सामने 10 दुकानों में आग लगायी: अभिषेक बनर्जी
Modified Date: May 11, 2026 / 06:39 pm IST
Published Date: May 11, 2026 6:39 pm IST

कोलकाता, 11 मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी समर्थित उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों के सामने पूर्वी मेदिनीपुर के खेजुरी में लगभग 10 दुकानों में आग लगा दी। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर पश्चिम बंगाल में ‘लक्षित हिंसा’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

इन आरोपों को खारिज करते हुए पूर्वी मेदिनीपुर के एक भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी हमेशा शांति का समर्थन करती है।

तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव ने एक दिन पहले दावा किया था कि उसी इलाके में 60 दुकानों में आग लगा दी गई थी।

इससे पहले सोमवार को बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भीषण आग का एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि ‘खेजुरी के जोन्का ग्राम पंचायत में कल रात पुलिस के सामने भाजपा के उपद्रवियों ने लगभग 10 दुकानों में आग लगा दी।’

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार देर रात खेजुरी में अज्ञात लोगों ने पांच दुकानों में आग लगा दी।

उन्होंने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात बदमाशों ने दुकानों में आग लगा दी जिसके बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। उन्होंने बताया कि इलाके में आरएएफ और केंद्रीय बलों के कर्मियों को तैनात किया गया है।

बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते इस घटना को ‘दोहरे इंजन की आपदा’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों की ‘आजीविका राख में तब्दील हो गई क्योंकि अब नफरत और धमकी को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।’

तृणमूल नेता ने कहा, ‘यह (केंद्रीय गृह मंत्री) अमित शाह और भाजपा द्वारा प्रचारित राजनीति का असली चेहरा है…।’’

केंद्रीय बलों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, ‘केंद्रीय बल अब कहां हैं? या क्या उन्हें केवल तभी तैनात किया जाता है जब ऐसा करना भाजपा के राजनीतिक एजेंडे के अनुकूल हो?’

हालांकि, पूर्वी मेदिनीपुर के भाजपा नेता ने दावा किया कि कुछ लोग, ‘तृणमूल कांग्रेस द्वारा उकसाए जाने पर’ भाजपा के नाम का इस्तेमाल कर इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘पुलिस मामले की जांच कर रही है और हम भी नजर रख रहे हैं। घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।’

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में