भाजपा ने हजारीबाग में बलात्कार-हत्या की घटना को लेकर तीन अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान किया

भाजपा ने हजारीबाग में बलात्कार-हत्या की घटना को लेकर तीन अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान किया

भाजपा ने हजारीबाग में बलात्कार-हत्या की घटना को लेकर तीन अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान किया
Modified Date: April 1, 2026 / 07:14 pm IST
Published Date: April 1, 2026 7:14 pm IST

रांची, एक अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हजारीबाग जिले में 12 वर्षीय लड़की से कथित तौर पर बलात्कार और हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर तीन अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान किया है।

पार्टी ने बंद के लिए समर्थन जुटाने को लेकर दो अप्रैल को सभी ब्लॉक और जिला मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकालने की भी घोषणा की।

रांची में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में पार्टी प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने दावा किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2020 और जनवरी 2026 के बीच राज्य में बलात्कार के 10,113 मामले, अपहरण के 11,003 मामले, चोरी के 60,000 से अधिक मामले और हत्या के 9,213 मामले दर्ज किए गए।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा मुद्दा उठाने के बाद ही पुलिस ने हजारीबाग मामले की जांच तेज की। उन्होंने कहा, ‘‘हम दोषियों की पहचान और सजा की मांग करते आ रहे हैं। तीन अप्रैल का बंद ऐतिहासिक होगा।’’

झारखंड उच्च न्यायालय ने सोमवार को इस घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य प्रशासन और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को नोटिस जारी किया।

परिवार द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, लड़की 24 मार्च की रात को राम नवमी समारोह के उपलक्ष्य में निकाली गई मंगला शोभायात्रा देखने अपनी मां के साथ गई थी। उसका कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया और अगले दिन खेत से उसका शव बरामद किया गया। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

इसी बीच, भाजपा के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी तदाशा मिश्रा से मुलाकात की और राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की।

प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने 28 मार्च को खूंटी जिले में राम नवमी की शोभायात्रा के दौरान पथराव की कथित घटनाओं का मुद्दा भी उठाया।

भाषा आशीष देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में