‘हिंदू विधायक’ विवाद के बाद गुरुवायूर में भाजपा उम्मीदवार के फ्लेक्स बोर्ड ने नयी बहस छेड़ी

‘हिंदू विधायक’ विवाद के बाद गुरुवायूर में भाजपा उम्मीदवार के फ्लेक्स बोर्ड ने नयी बहस छेड़ी

‘हिंदू विधायक’ विवाद के बाद गुरुवायूर में भाजपा उम्मीदवार के फ्लेक्स बोर्ड ने नयी बहस छेड़ी
Modified Date: April 1, 2026 / 04:20 pm IST
Published Date: April 1, 2026 4:20 pm IST

त्रिशूर (केरल), एक अप्रैल (भाषा) केरल के गुरुवायूर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बी. गोपालकृष्णन के ‘हिंदू विधायक’ वाले विवादास्पद बयान के कुछ दिनों बाद उनके चुनाव प्रचार के हिस्से के रूप में सामने आये एक फ्लैक्स ने सभी का ध्यान आकर्षित किया है, जिसमें इस निर्वाचन क्षेत्र के सभी पूर्व विधायकों के नाम लिखे हुए हैं।

निर्वाचन क्षेत्र के एक व्यस्त चौराहे पर लगाए गए फ्लेक्स बोर्ड पर 1977 से 2021 के बीच गुरुवायूर से निर्वाचित विधायकों के नाम और उनके निर्वाचित होने के वर्ष सूचीबद्ध हैं।

फ्लेक्स बोर्ड का प्रदर्शन गुरुवायूर में एक विशेष समुदाय से संबंधित उम्मीदवारों की चुनावी जीत को उजागर करने का एक प्रयास प्रतीत होता था, हालांकि, गोपालकृष्णन ने कहा कि यह केवल निर्वाचन क्षेत्र के राजनीतिक इतिहास का एक दस्तावेजीकरण है।

भाजपा के झंडे के रंगों में रंगे इस बोर्ड पर यह सवाल भी लिखा है कि 2026 में इस निर्वाचन क्षेत्र से अगला विधायक कौन होगा।

गोपालकृष्णन ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘यह इस निर्वाचन क्षेत्र का राजनीतिक इतिहास है। जिस निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं, वहां के राजनीतिक इतिहास को प्रस्तुत करना उम्मीदवार की जिम्मेदारी है।’’

इससे पहले गोपालकृष्णन ने यह दावा करके विवाद खड़ा कर दिया था कि गुरुवायूर निर्वाचन क्षेत्र ने लगभग पांच दशकों से किसी ‘हिंदू विधायक’ को नहीं चुना है और उन्होंने वामपंथी और कांग्रेस के नेतृत्व वाले दोनों मोर्चों पर समुदाय से उम्मीदवार नहीं उतारने का आरोप लगाया था।

भाषा शफीक रंजन

रंजन


लेखक के बारे में