भाजपा प्रमुख नितिन नवीन 28 जून से तीन दिवसीय तेलंगाना दौर पर
भाजपा प्रमुख नितिन नवीन 28 जून से तीन दिवसीय तेलंगाना दौर पर
हैदराबाद, 26 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 जून से तीन दिवसीय तेलंगाना दौरे पर रहेंगे और इस दौरान वह अलग-अलग कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, आदिवासियों तथा पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने शुक्रवार को यहां कहा कि नितिन नवीन का यह तीन दिवसीय दौरा राज्य पर पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के विशेष ध्यान और भाजपा को सत्ता तक पहुंचाने के उसके संकल्प को दर्शाता है।
राव ने बताया कि 28 जून को नितिन नवीन शहर के बाहरी इलाके शमशाबाद में पार्टी के रंगारेड्डी जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और इसके साथ ही वह डिजीटल माध्यम से पार्टी की करीब 10 जिला इकाइयों के कार्यालयों का भी उद्घाटन करेंगे।
उन्होंने बताया कि इसके बाद नवीन यहां एग्जीबिशन ग्राउंड में ग्रेटर हैदराबाद, साइबराबाद और मल्काजगिरि की तीन नगर निगम सीमाओं के अंतर्गत आने वाले भाजपा के बूथ अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करेंगे।
नवीन, पार्टी के सांसदों और विधायकों की बैठक में भी शामिल होंगे।
नितिन नवीन 29 जून को इंजीनियरिंग और अन्य विद्यार्थियों के एक सम्मेलन में हिस्सा लेने के साथ ही वारंगल का दौरा करेंगे।
वह वारंगल में आदिवासियों और पार्टी नेताओं की बैठकों में भी भाग लेंगे।
राव ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष 30 जून को दिल्ली रवाना होने से पहले राज्य पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होने वाले हैं।
पिछले वर्ष दिसंबर में भाजपा अध्यक्ष पद की कमान संभालने वाले नितिन नवीन इससे पहले इसी वर्ष फरवरी में नगर निकाय चुनावों के दौरान भी तेलंगाना का दौरा कर चुके हैं।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


