गोवा: पोंडा विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस और आप उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया

गोवा: पोंडा विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस और आप उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया

गोवा: पोंडा विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस और आप उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया
Modified Date: March 23, 2026 / 03:39 pm IST
Published Date: March 23, 2026 3:39 pm IST

पणजी, 23 मार्च (भाषा) गोवा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ-साथ विपक्षी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों ने सोमवार को राज्य में पोंडा विधानसभा के आगामी उपचुनाव के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

दक्षिण गोवा जिले की पोंडा विधानसभा सीट के लिए नौ अप्रैल को होने वाले उपचुनाव में भाजपा ने रितेश नाइक को, कांग्रेस ने डॉ. केतन भाटिकर को टिकट दिया है, जबकि आम आदमी पार्टी ने गीतेश नाइक को उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा के मौजूदा विधायक एवं तत्कालीन कृषि मंत्री रवि नाइक के निधन के कारण उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।

भाजपा ने इस सीट से उनके बेटे को उम्मीदवार बनाया है।

मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य दिगंबर कामत सहित कुछ अन्य पोंडा में भाजपा उम्मीदवार रितेश नाइक के नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान उनके साथ थे।

सावंत ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा को पोंडा उपचुनाव में जीत का पूरा भरोसा है क्योंकि जनता ने देखा है कि पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार किस तरह राज्य का विकास कर रही है।

उन्होंने कहा कि पोंडा के लोगों ने 2022 में रवि नाइक को वोट देकर भाजपा का समर्थन किया था और इस साल भी ऐसा ही होगा।

विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ और कांग्रेस विधायक अल्टोन डी’कोस्टा और कार्लोस फेरेरा नामांकन दाखिल करने के दौरान भाटिकर के साथ थे।

आम आदमी पार्टी उम्मीदवार गीतेश नाइक के नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान पार्टी विधायकों वेंजी विएगास और क्रूज सिल्वा साथ थे।

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में