उपचुनाव में पार्टी की जीत के बाद धमकी दिए जाने पर भाजपा पार्षद ने आत्महत्या की
उपचुनाव में पार्टी की जीत के बाद धमकी दिए जाने पर भाजपा पार्षद ने आत्महत्या की
अगरतला, पांच मई (भाषा) उत्तरी त्रिपुरा की धर्मनगर नगर परिषद (डीएमसी) के एक भाजपा पार्षद ने मंगलवार को कथित तौर पर कुछ युवाओं द्वारा धमकी दिए जाने के बाद आत्महत्या कर ली। यह घटना धर्मनगर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत के बाद हुई। पुलिस ने यह जानाकारी दी।
राहुल किशोर रॉय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष भी थे। उन्होंने यह कदम भाजपा उम्मीदवार जाहर चक्रवर्ती के धर्मनगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारी अंतर से जीत हासिल करने के एक दिन बाद उठाया।
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने युवा नेता की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतक की पत्नी अनन्या भट्टाचार्जी द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर लिखा, ‘राहुल किशोर रॉय की असामयिक मृत्यु से मैं स्तब्ध हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। मैं शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने यह भी आश्वासन दिया है कि मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी।’
रॉय की पत्नी ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने अपने पति की मौत के लिए सात लोगों को ज़िम्मेदार ठहराया है।
उन्होंने अपनी शिकायत में कहा, ‘धर्मनगर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों की घोषणा के तुरंत बाद, छह-सात युवकों ने दोपहर तीन बजे चंद्रपुर स्थित हमारे घर पर हमला किया और मेरे पति को अपमानित किया। उन्होंने मुझ पर भी हमला किया।’
उन्होंने कहा, ‘मैं धर्मनगर पुलिस थाना प्रभारी से आग्रह करती हूं कि न्याय के लिए इन लोगों के खिलाफ जांच की जाए।’
उत्तरी त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार राय ने कहा, ‘एक विशिष्ट शिकायत के आधार पर हमने मामला दर्ज किया है और जांच जारी है। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।’
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश

Facebook


