भाजपा झारखंड के छात्र आंदोलन का कर रही है राजनीतिकरण, अन्य राज्यों से लोगों को ला रही है: कांग्रेस
भाजपा झारखंड के छात्र आंदोलन का कर रही है राजनीतिकरण, अन्य राज्यों से लोगों को ला रही है: कांग्रेस
रांची, 12 अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह झारखंड में विद्यार्थियों के परीक्षा आंदोलन का ‘राजनीतिकरण’ कर रही है और विरोध-प्रदर्शन में बाधा डालने के लिए ‘दूसरे राज्यों से लोगों को ला रही है।’
भाजपा पर देश भर में ‘परीक्षा माफिया’ को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने कहा कि वह राज्य में प्रश्नपत्र लीक की सीआईडी जांच का इसलिए ‘विरोध’ कर रही है, क्योंकि उसे ‘पर्दाफाश होने का डर’ है।
कांग्रेस के चार मंत्रियों– राधा कृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडे सिंह और इरफान अंसारी – ने यहां प्रेसवार्ता में दावा किया कि ‘केंद्र के हथियार’ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने पर झारखंड में भी उसे ‘मनचाहे नतीजे’ मिलेंगे।
किशोर ने कहा, ‘‘परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर 10 अगस्त को रांची में विद्यार्थियों के शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में बाधा डालने के लिए भाजपा अन्य राज्यों से लोगों को लेकर आई थी। हम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील करते हैं कि वह सुनिश्चित करें कि ऐसे हर भाजपा कार्यकर्ता की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने केंद्र के कहने पर विद्यार्थियों के आंदोलन को बाधित करने की कोशिश की, क्योंकि रांची में हाल में हुआ विधानसभा घेराव ‘‘प्रदर्शनकारियों के एजेंडे में नहीं था।’’
सिंह ने दावा किया कि झारखंड सरकार ने विद्यार्थियों के विरोध-प्रदर्शन शुरू होने से काफी पहले ही परीक्षा में ‘अनियमितताओं’ को दूर करने के लिए कदम उठा लिए थे।
उन्होंने कहा, ‘‘2015 से भाजपा के शासनकाल में देश भर में प्रश्नपत्र लीक की 152 घटनाएं हुईं, लेकिन इनमें से केवल 17 मामलों में ही सीबीआई जांच हुई और किसी को भी दोषी नहीं ठहराया गया।’’
तिर्की ने भी कहा कि झारखंड में प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों पर कोई बल प्रयोग नहीं किया गया जबकि पिछले भाजपा शासन में युवाओं की आवाज कुचली गयी थी।
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश

Facebook


