सरकार के दुरुपयोग की नयी परंपरा शुरू कर रही है भाजपा: गहलोत
सरकार के दुरुपयोग की नयी परंपरा शुरू कर रही है भाजपा: गहलोत
जयपुर, 18 सितंबर (भाषा) राजस्थान में नगर निकायों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव के लिए जारी प्रक्रिया के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर शुक्रवार को निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह इसमें सरकार के दुरुपयोग की नयी परंपरा शुरू कर रही है।
गहलोत ने आरोप लगाया कि डेगाना, कुचेरा नगर निकायों में अनैतिक तरीके से भाजपा का अध्यक्ष बनाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘डेगाना, कुचेरा में अनैतिक तरीके से भाजपा का अध्यक्ष बनाने के प्रयास किये जा रहे हैं।’’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया, ‘‘राजस्थान के मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में सरकार के मंत्री जाकर लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। भरतपुर की जनता ने भाजपा को नकार दिया था। वहां 65 में से 20 ही पार्षद जीत पाए थे। इसके बावजूद सरकार और पूरा प्रशासन मिलकर अलोकतांत्रिक तरीके से भाजपा का महापौर बना रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में सरकार के दुरुपयोग की नयी परंपरा शुरू कर रही है जो राजस्थान के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय स्थिति है।
राजस्थान में 309 नगर निकायों में वार्ड पार्षद के चुनाव हो चुके हैं और इस समय अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया जारी है।
भाषा पृथ्वी मनीषा देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


