सुकांत मजूमदार के खिलाफ टिप्पणी को लेकर भाजपा विधायक को कारण बताओ नोटिस जारी
सुकांत मजूमदार के खिलाफ टिप्पणी को लेकर भाजपा विधायक को कारण बताओ नोटिस जारी
कोलकाता, 26 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई ने केंद्रीय मंत्री एवं बालुरघाट से सांसद सुकांत मजूमदार के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर विवादित टिप्पणी करने को लेकर गंगारामपुर से विधायक एवं पार्टी नेता सत्येंद्र नाथ रॉय को बुधवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
प्रदेश भाजपा की अनुशासन समिति के प्रमुख प्रताप बनर्जी ने रॉय को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा है।
नोटिस में कहा गया, ‘‘केंद्रीय मंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपकी अनैतिक टिप्पणी शर्मनाक है और पार्टी के संविधान का उल्लंघन करती है। इससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है।’’
रॉय द्वारा हाल में अपने फेसबुक खाते पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश के बाद यह नोटिस जारी किया गया। ‘पीटीआई-भाषा’ इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है। वीडियो में रॉय ने दक्षिण दिनाजपुर जिले में पार्टी के अंदरूनी समीकरणों पर सवाल उठाए और मजूमदार तथा तृणमूल कांग्रेस के नेता बिप्लब मित्रा के बीच ‘‘बेहद करीबी संबंध’’ होने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा के कुछ सदस्यों के तृणमूल कांग्रेस के साथ ‘‘गुप्त संबंध’’ हैं।
रॉय ने आरोप लगाया कि दोनों नेताओं के बीच संबंध ‘‘ममेरे भाइयों’’ जैसे हैं।
गंगारामपुर के विधायक ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की है जब मित्रा ने तृणमूल कांग्रेस की हाल की एक जिला स्तरीय बैठक में जिले में विकास कार्यों के लिए मजूमदार की कथित तौर पर प्रशंसा की थी।
मित्रा ने 2026 के विधानसभा चुनाव में हरिरामपुर सीट पर 2,000 से कम मतों के मामूली अंतर से जीत दर्ज की थी। चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस में उभरे मतभेदों के बीच उन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट से अलग होकर पार्टी के असंतुष्ट नेता ऋतब्रत बनर्जी के गुट का दामन थाम लिया है।
रॉय ने कहा था, ‘‘हमारी पार्टी के कुछ नेताओं और बदली हुई तृणमूल के नेताओं के बीच लंबे समय से बरकरार गोपनीय संबंधों को हमारे जिले में भाजपा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से बनाए रखा जा रहा है।’’
कारण बताओ नोटिस की प्रतियां भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रभारी सुनील बंसल, मंगल पांडे और दक्षिण दिनाजपुर जिला भाजपा अध्यक्ष स्वरूप चौधरी को भी भेजी गई हैं।
भाषा
सिम्मी माधव
माधव

Facebook


