हरियाणा: छत से गिरने के बाद घायल हुए किशोर की मौत, परिवार ने पुलिस पर धक्का देने का आरोप लगाया
हरियाणा: छत से गिरने के बाद घायल हुए किशोर की मौत, परिवार ने पुलिस पर धक्का देने का आरोप लगाया
कुरुक्षेत्र (हरियाणा), 26 अगस्त (भाषा) कुरुक्षेत्र में तीन मंजिला इमारत की छत से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हुए 16 वर्षीय एक किशोर की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
हालांकि रमन (16) के परिवार ने आरोप लगाया कि दो पुलिसर्कियों ने उसे छत से धक्का दे दिया था। हालांकि पुलिस ने आरोप से इनकार किया है। रमन का परिवार यहां देहा कॉलोनी में रहता है।
शाहबाद के थाना प्रभारी जगदीश टमक ने बताया कि यह घटना तब हुई जब दो युवकों ने रोटी गांव के अमन का रास्ता रोककर उससे 14,500 रुपये छीन लिए।
थाना प्रभारी के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस ने देहा कॉलोनी के साहिल को हिरासत में लिया, जिसने रमन को इस कृत्य में अपना सहयोगी बताया।
तमक ने बताया कि जब पुलिस रमन को पकड़ने गई, तो पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आते देख उसने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और तीसरी मंज़िल की छत से बगल वाले घर पर कूद गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
रमन का लगभग 11 दिनों तक इलाज चला तथा 25-26 अगस्त की दरम्यानी रात को उसकी मौत हो गई।
उसके परिवार ने यह आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया कि पुलिसकर्मियों ने उसे छत से धक्का दे दिया था। रमन के परिवार ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तमक ने बताया कि रमन का पोस्टमार्टम हो चुका है और बुधवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
भाषा
राजकुमार सुभाष
सुभाष

Facebook


