उपराज्यपाल के अभिभाषण में बाधा पहुंचाने वाले भाजपा विधायकों को मार्शलों के माध्यम से बाहर भेजा गया
उपराज्यपाल के अभिभाषण में बाधा पहुंचाने वाले भाजपा विधायकों को मार्शलों के माध्यम से बाहर भेजा गया
नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने बृहस्पतिवार को बजट सत्र के पहले दिन उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण के दौरान बार-बार बाधा पहुंचाने के लिए भाजपा विधायकों को मार्शलों के माध्यम से सदन से बाहर भेज दिया। विधानसभा के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी को छोड़कर भाजपा के आठ में से सात विधायकों मार्शलों से बाहर भिजवा दिया।
सक्सेना ने जब अपना अभिभाषण शुरू किया और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया तो भाजपा विधायक और पूर्व नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय के 12 कॉलेजों के वित्तपोषण का मुद्दा उठाते हुए उन्हें रोक दिया।
विधानसभाध्यक्ष ने गुप्ता को रोकने की कोशिश की लेकिन उन्होंने बोलना जारी रखा, जिससे उपराज्यपाल सक्सेना को अपना संबोधन कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। अंततः स्पीकर ने मार्शलों से गुप्ता को बाहर ले जाने के लिए कहा।
सक्सेना ने अपना संबोधन जारी रखा, जबकि भाजपा विधायक विभिन्न मुद्दों को लेकर उन्हें बार-बार रोकते रहे।
भाजपा विधायकों ने बैठने और सक्सेना के संबोधन में बाधा डालने से परहेज करने के अध्यक्ष के निर्देशों की अवहेलना की तो अध्यक्ष ने मार्शलों से उन्हें बाहर निकालने के लिए कहा।
बिधूड़ी ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार द्वारा संबोधन के लिए दिया गया लिखित भाषण ‘झूठ का पुलिंदा’ है।
बिधूड़ी ने कहा, “भाजपा विधायकों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रदूषण निवारण, बिजली, पानी, परिवहन, वृद्धावस्था पेंशन और स्वच्छता के क्षेत्र में विफल रही दिल्ली सरकार को घेरा, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें बाहर कर दिया गया।”
भाषा जोहेब रंजन
रंजन

Facebook


