रास में भाजपा सांसद ने विपक्ष को किया आगाह : रसोई गैस संकट को लेकर गलत दावे नहीं करें

Ads

रास में भाजपा सांसद ने विपक्ष को किया आगाह : रसोई गैस संकट को लेकर गलत दावे नहीं करें

  •  
  • Publish Date - March 23, 2026 / 05:51 PM IST,
    Updated On - March 23, 2026 / 05:51 PM IST

नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) राज्यसभा में सोमवार को भाजपा के एक सांसद ने रसोई गैस संकट को लेकर विपक्ष को गलत दावे कर अफरातफरी नहीं फैलाने के विरुद्ध आगाह करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने ऐसी व्यवस्था कर रखी है कि आवश्यक वस्तुओं की कमी नहीं होने दी जाएगी।

अनुदान की अनुपूरक मांगों पर चर्चा में भाग लेते हुए भारतीय जनता पार्टी के सांसद मदन राठौड़ ने राजस्थान में रसोई गैस की किल्लत होने की बात को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस के नीरज डांगी ने इस बारे में जो दावे किए हैं, उसका सच्चाई से कोई लेनादेना नहीं है तथा ऐसे दावों से लोग अफरातफरी में अधिक सिलेंडर लेने लगते हैं।

इससे पहले चर्चा में भाग लेते हुए डांगी ने राजस्थान में एलपीजी किल्लत होने का दावा करते हुए कहा था कि गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें लग रही हैं।

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऐसी सभी व्यवस्थाएं कर रखी हैं कि देश में आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 2014 की तुलना में देश का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) तीन गुना बढ़ी है जो 106.57 लाख करोड़ था जो अब बढ़कर 331.3 लाख करोड़ बढ़ गया है।

उन्होंने सेवाओं, दवाओं, इलेक्ट्रानिक्स उत्पादों, इंजीनियरिंग वस्तुओं सहित निर्यात में आयी वृद्धि के आंकड़े दिये। उन्होंने कहा कि आज भारत उद्योग के मामले में आत्मनिर्भर बनते जा रहे हैं।

राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है क्योंकि आज देश में कोई घोटाला नहीं हो रहा जबकि पहले बोफोर्स घोटाले, कोयला खदान घोटाले सहित आए दिन कोई न कोई घोटाला होता रहता था। उन्होंने कहा कि आज रक्षा क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और देश शस्त्रों का निर्यात कर रहा है।

भाजपा के डॉ भीम सिंह ने कहा कि संसद में बजट पर बार बार चर्चा होती है लेकिन अद्भुत बात यह है कि संविधान में बजट शब्द का जिक्र नहीं है।

उन्होंने कहा कि यह विनियोग विधेयक विकास का विधेयक है जो विकसित भारत की राह प्रशस्त करेगा। विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता उसके ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, जय अनुसंधान’ के नारे से जाहिर होती है।

इसी पार्टी के शंभुशरण पटेल ने कहा कि भारत 2027 तक दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है और इसके लिए सरकार की ओर से देश हित में हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। ‘‘इसके लिए इच्छाशक्ति तथा भ्रष्टाचार मुक्त माहौल की जरूरत होती है और वर्तमान सरकार के पास दोनों हैं।’’

अनुदान की अनुपूरक मांगों पर चर्चा अधूरी रही।

भाषा

माधव मनीषा

माधव

ताजा खबर