नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने ‘एपीके’ फाइल के जरिए कथित रूप से मोबाइल फोन हैक कर लोगों के खातों से रुपये निकालने वाले एक साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए अहमदाबाद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इन आरोपियों के तार अमेरिका स्थित नेटवर्क से जुड़े मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद इस्माइल अंसारी, शेख मोहम्मद नूरेन और तारिक अहमद के रूप में हुई है। तीनों आरोपी अहमदाबाद के रहने वाले हैं।
दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने बताया कि आरोपी मोहम्मद इस्माइल अंसारी आईडीबीआई बैंक (भारतीय औद्योगिक विकास बैंक) का एक अनुबंधित कर्मचारी है, जिसने साइबर धोखाधड़ी की रकम को स्थानांतरित करने के लिए कई क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराए थे।
अधिकारी ने बताया कि तकनीकी जांच में सामने आया कि आरोपी व्हाट्सऐप एवं टेलीग्राम समूहों के जरिए अन्य नेटवर्क संचालकों से जुड़े थे और इनमें से कुछ व्हाट्सऐप नंबर अमेरिका से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि यह मामला विकास कुमार नामक व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
उसने बताया कि विकास को एसएमएस के माध्यम से ‘एपीके’ फाइल का एक लिंक भेजा गया था और इसके बाद उसका फोन हैक करके उससे 6,57,715 रुपये की ठगी की गई। इस संबंध में दक्षिण दिल्ली के साइबर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत ई-प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
डीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम ने वित्तीय लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर पता लगाया कि 6.57 लाख रुपये में से चार लाख रुपये दो लेनदेन के जरिए क्रेडिट कार्डों में भेजे गए थे।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपियों को अहमदाबाद से पकड़ लिया गया।
मित्तल के अनुसार, अमेरिका स्थित नेटवर्क संचालकों की सटीक भूमिका और इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह के ढांचे का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
आरोपियों के पास से 11 क्रेडिट कार्ड और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
भाषा नोमान सिम्मी
सिम्मी