दुर्गापुर (प. बंगाल), 27 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो-दिवसीय दौरे पर मंगलवार को पश्चिम बंगाल पहुंचे। पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनकी पहली बंगाल यात्रा है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, नवीन पश्चिम बर्धमान जिले के अंडाल हवाई अड्डे पर उतरे, जहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, नेता प्रतिपक्ष शुभेंद्रु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने उनका स्वागत किया।
पार्टी अध्यक्ष के रूप में पश्चिम बंगाल की उनकी पहली यात्रा का विशेष महत्व है, क्योंकि राज्य में विधानसभा चुनाव कुछ ही महीनों में होने वाले हैं।
कार्यक्रम के अनुसार, नवीन मंगलवार शाम को दुर्गापुर के चित्रालय मेला मैदान में ‘कमल मेले’ में भाग लेंगे और शहर के एक होटल में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तथा पदाधिकारियों के साथ एक बंद कमरे में संगठनात्मक बैठक करेंगे।
वह बुधवार को दुर्गापुर के भृंगी काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और उसके बाद चित्रालय मैदान में संगठन से जुड़ी एक बैठक को संबोधित करेंगे।
सूत्रों ने बताया कि वह बाद में आसनसोल के रानीगंज में एक और बैठक करेंगे व उसके बाद अंडाल से रवाना हो जाएंगे।
भाषा सुरेश पवनेश
पवनेश