भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर जम्मू कश्मीर पहुंचे
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर जम्मू कश्मीर पहुंचे
जम्मू, छह जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का सोमवार को जम्मू हवाई अड्डे पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
वह पार्टी के संगठनात्मक मामलों की समीक्षा के लिए जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं।
पार्टी के एक प्रवक्ता ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं जम्मू-कश्मीर प्रभारी तरुण चुघ के साथ पहुंचे नवीन का हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष सत शर्मा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर, पुष्पवर्षा और गुलदस्ते भेंट कर भाजपा अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
जम्मू पहुंचने के तुरंत बाद भाजपा अध्यक्ष नवीन मिश्रीवाला के लिए रवाना हो गए, जहां वह पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
दिन में बाद में, वह पार्टी के त्रिकुटा नगर मुख्यालाय में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करेंगे और शाम को शहर के बीचों-बीच स्थित मशहूर रघुनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे तथा श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि भी देंगे।
भाजपा प्रमुख मंगलवार को सुबह प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी मंदिर जाएंगे और उसके बाद डोगरा चौक पर प्रेम नाथ डोगरा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देंगे।
प्रवक्ता ने बताया कि उनका भाजपा सांसदों और विधायकों, पूर्व में चयनित प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें करने और जम्मू के कन्वेंशन सेंटर में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में शामिल होने का भी कार्यक्रम है।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


