भाजपा अध्यक्ष ने मान की टिप्पणियों पर बालियान की ‘चुप्पी’ को लेकर स्पष्टीकरण मांगा

भाजपा अध्यक्ष ने मान की टिप्पणियों पर बालियान की 'चुप्पी' को लेकर स्पष्टीकरण मांगा

भाजपा अध्यक्ष ने मान की टिप्पणियों पर बालियान की ‘चुप्पी’ को लेकर स्पष्टीकरण मांगा
Modified Date: April 3, 2026 / 12:31 am IST
Published Date: April 3, 2026 12:31 am IST

नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रमुख नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश में हाल में हुए एक कार्यक्रम के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर चुप्पी साधने को लेकर पार्टी के पूर्व सांसद संजीव बालियान से स्पष्टीकरण मांगा है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

संपर्क करने पर बालियान ने इस आरोप का खंडन किया और कहा कि उन्होंने कार्यक्रम में दो बार मान के भाषण पर आपत्ति जताई थी।

मेरठ में हाल में आयोजित जाट सम्मेलन को संबोधित करते हुए, मान ने कथित तौर पर महंगाई समेत कई मुद्दों पर मोदी की आलोचना की थी और कहा था कि जहां सरकार भारत को ‘विश्वगुरु’ बनाने की बात करती है, वहीं मोदी ने देश को ‘विश्वचेला’ बना दिया है। आरोप है कि कार्यक्रम में मौजूद बालियान ने कोई आपत्ति नहीं जताई।

सूत्रों के अनुसार, पंजाब के मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर बालियान की ‘चुप्पी’ को लेकर नवीन ने गंभीर आपत्ति जताते हुए भाजपा नेता को तलब किया है और उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।

संपर्क किए जाने पर, बालियान ने शुरू में भाजपा अध्यक्ष द्वारा बुलाए जाने से इनकार किया, लेकिन बाद में स्पष्ट किया कि यह कहना गलत है कि वह उस कार्यक्रम में चुप रहे थे।

बालियान ने कहा, ‘‘मैंने भगवंत मान की टिप्पणी पर दो बार आपत्ति जताई थी (जब वह बोल रहे थे)। मैंने कहा कि इस तरह की राजनीतिक बातें नहीं होनी चाहिए, क्योंकि यह एक गैर-राजनीतिक कार्यक्रम है जिसमें सभी दलों के नेता शामिल होते हैं। इसके बाद आयोजकों ने मान को उद्घाटन में भी नहीं आने दिया और वह चले गए।’’

भाषा आशीष अमित

अमित


लेखक के बारे में