कच्चातिवू पर वाइको की कथित टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कांग्रेस, द्रमुक को घेरा
कच्चातिवू पर वाइको की कथित टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कांग्रेस, द्रमुक को घेरा
नयी दिल्ली, चार अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एमडीएमके नेता वाइको द्वारा श्रीलंका को कच्चातिवू द्वीप सौंपकर तमिलनाडु के साथ विश्वासघात का कथित आरोप लगाए जाने के एक दिन बाद कांग्रेस पर निशाना साधा और उससे स्पष्टीकरण की मांग की।
मारुमलारची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एमडीएमके) विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटकों में से एक है।
वाइको के कथित बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कांग्रेस और द्रमुक से स्पष्टीकरण मांगा कि उन्होंने कच्चातिवू को श्रीलंका को सौंपकर तमिलनाडु के लोगों को क्यों धोखा दिया।
उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर द्वारा कच्चातिवू द्वीप का मुद्दा उठाए जाने के बाद विपक्षी नेता घबराए हुए हैं।
शुक्ला ने कहा, ‘‘इंडिया गठबंधन के नेता वाइको ने कल कहा कि कांग्रेस ने कच्चातिवू द्वीप समूह के मुद्दे पर तमिलनाडु को धोखा दिया। हम कहते हैं कि कांग्रेस ने न केवल तमिलनाडु के साथ, बल्कि पूरे देश के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस और द्रमुक ने तमिलनाडु के लोगों को धोखा दिया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब जब इंडिया गठबंधन में उनके साथी दल यह कह रहे हैं तो कांग्रेस नेताओं और (द्रमुक प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री) एम के स्टालिन को यह बताना चाहिए कि उन्होंने राज्य के लोगों के साथ विश्वासघात क्यों किया। भाजपा इस विश्वासघात का कारण जानना चाहती है।’’
भाषा ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र मनीषा
मनीषा

Facebook


