रांची में बच्चों के लापता होने और कानून-व्यवस्था की चिंताओं को लेकर भाजपा ने मशाल जुलूस निकाला
रांची में बच्चों के लापता होने और कानून-व्यवस्था की चिंताओं को लेकर भाजपा ने मशाल जुलूस निकाला
रांची, 13 जून (भाषा) झारखंड में कानून-व्यवस्था की कथित बिगड़ती स्थिति और बच्चों के लापता होने की बढ़ती घटनाओं के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को रांची में मशाल जुलूस निकाला।
यह जुलूस शालीमार मार्केट से शुरू होकर पुराने विधानसभा परिसर के निकट समाप्त हुआ।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
उन्होंने आरोप लगाया कि धुर्वा क्षेत्र से जुड़वां भाइयों सहित तीन बच्चे पिछले 13 दिनों से लापता हैं और पुलिस अब तक मामले में कोई ठोस सुराग नहीं जुटा सकी है।
भाजपा की रांची इकाई के अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा, ‘‘हम बच्चों की तत्काल वापसी की मांग करते हैं। यदि उन्हें जल्द नहीं खोजा गया तो पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा तक अपना आंदोलन तेज करेगी।’’
साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को लापता बच्चों के परिजनों से मुलाकात की थी और मामले की निष्पक्ष जांच तथा बच्चों की शीघ्र बरामदगी की मांग की थी।
पुलिस के अनुसार, 12-वर्षीय जुड़वां भाई एक जून को धुर्वा थाना क्षेत्र के शालीमार मार्केट के पास से लापता हो गए थे, जिसके बाद उनके माता-पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
धुर्वा थाना प्रभारी अरुण कुमार महथा ने कहा, ‘‘विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान दोनों भाई तीन जून को हटिया रेलवे स्टेशन पर एक अन्य बच्चे के साथ दिखाई दिए थे। इसके बाद से तीनों बच्चों का कोई पता नहीं चल पाया है।’’
उन्होंने कहा कि बच्चों की तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया गया है और उम्मीद जताई कि उन्हें जल्द ही खोज लिया जाएगा।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


