कतर में भारतीयों की मौत की सजा बदलने को भाजपा ने मोदी सरकार के प्रयासों की जीत बताया
कतर में भारतीयों की मौत की सजा बदलने को भाजपा ने मोदी सरकार के प्रयासों की जीत बताया
नयी दिल्ली, 28 दिसंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि कतर की एक अदालत द्वारा भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों की मौत की सजा को उम्र कैद में तब्दील किया जाना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति और इसके तहत कूटनीतिक प्रयासों की जीत है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इस घटनाक्रम ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि पूरी दुनिया मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति का लोहा मानती है।
कतर की एक अपीलीय अदालत द्वारा अगस्त 2022 में जासूसी के एक कथित मामले में गिरफ्तार आठ लोगों की मौत की सजा को उम्रकैद में बदलने के बाद भाजपा की यह प्रतिक्रिया आई है।
चुघ ने कहा, ”भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों को कतर में मौत की सजा से राहत मिलना देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की विदेश नीति के कूटनीतिक प्रयासों की जीत है।’
अपीलीय अदालत के फैसले को न केवल भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों के लिए एक बड़ी राहत बल्कि इसे भारत के लिए भी एक बड़ी कूटनीतिक जीत के रूप में देखा जा रहा है क्योंकि यह दुबई में सीओपी28 शिखर सम्मेलन के दौरान कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी के साथ प्रधानमंत्री मोदी की बैठक के कुछ हफ्तों बाद आया है।
एक दिसंबर को बैठक के बाद मोदी ने कहा था कि उन्होंने कतर में भारतीय समुदाय की भलाई पर चर्चा की।
दोहा स्थित अल दहरा ग्लोबल टेक्नोलॉजीज के साथ काम करने वाले भारतीय नागरिकों को अगस्त 2022 में हिरासत में लिया गया था। हालांकि कतर के अधिकारियों ने उनके खिलाफ आरोपों को सार्वजनिक नहीं किया था, लेकिन उन्हें इस साल अक्टूबर में कतर के निचली अदालत द्वारा मौत की सजा सुनाई गई थी।
निजी कंपनी कतर के सशस्त्र बलों और सुरक्षा एजेंसियों को प्रशिक्षण और अन्य सेवाएं प्रदान करती थी।
भारत ने मौत की सजा के खिलाफ पिछले महीने कतर में अपीलीय अदालत का रुख किया था।
भाषा ब्रजेन्द्र माधव
माधव

Facebook


