पंजाब में विधानसभा चुनाव अकेले दम पर सभी 117 सीटों पर लड़ेगी भाजपा : सतीश पूनिया

पंजाब में विधानसभा चुनाव अकेले दम पर सभी 117 सीटों पर लड़ेगी भाजपा : सतीश पूनिया

पंजाब में विधानसभा चुनाव अकेले दम पर सभी 117 सीटों पर लड़ेगी भाजपा : सतीश पूनिया
Modified Date: August 31, 2026 / 09:13 pm IST
Published Date: August 31, 2026 9:13 pm IST

चंडीगढ़, 31 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के प्रभारी सतीश पूनिया ने सोमवार को स्पष्ट किया कि पार्टी अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी 117 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी।

पूनिया ने अपने तीन दिवसीय संगठनात्मक दौरे की सोमवार को शुरुआत की। इस दौरान वह राज्य नेतृत्व और विभिन्न संगठनात्मक टीमों के साथ बैठक कर पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे तथा संगठन को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

पूनिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं इस बात को फिर दोहरा रहा हूं। हो सकता है कि आपको यह बात उबाऊ लगे, लेकिन भाजपा अपनी ताकत और क्षमता के बल पर 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।’’

एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व का ‘‘सीधा संदेश’’ है कि भाजपा सभी 117 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।

जब उनसे विशेष रूप से पूछा गया कि क्या पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा का कोई गठबंधन नहीं होगा, तो पूनिया ने कहा, ‘‘हां, सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने का यही मतलब है।’’

पूनिया का यह बयान 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच फिर से गठबंधन की अटकलों के बीच आया है। हाल में शिअद ने कुछ महत्वपूर्ण केंद्रीय विधेयकों का समर्थन किया था। दोनों दलों का गठबंधन वर्ष 2020 में केंद्र के अब निरस्त किए जा चुके तीन कृषि कानूनों को लेकर टूट गया था। पंजाब में भाजपा उस समय गठबंधन में छोटी सहयोगी थी।

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष ने कहा था कि पार्टी पंजाब की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और राज्य में अपनी सरकार बनाएगी।

पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और भाजपा नेता सुनील जाखड़ द्वारा अकाली दल के साथ गठबंधन के पक्ष में दिए गए बयानों पर पूनिया ने कहा कि उन्होंने अपनी राय व्यक्त की है, लेकिन यह पार्टी का निर्णय नहीं है।

पूनिया ने कहा, ‘‘पार्टी का निर्णय दिल्ली से आएगा।’’

शिअद (पुनर सुरजीत) के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह के भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत चलने के बयान पर पूनिया ने कहा कि बयान देने वाला व्यक्ति ही विस्तार से बता सकता है कि उसने ऐसा क्यों कहा और इसकी संभावनाएं क्या हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस सवाल के लिए मानसिक रूप से तैयार था। मैं पहले भी इसका सामना कर चुका हूं और मेरा जवाब फिर वही है कि हम 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।’’

पूनिया ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने पंजाब को नशे और भ्रष्टाचार से मुक्त करने तथा बेहतर कानून-व्यवस्था का वादा किया था।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘लेकिन नशे ने पंजाब को देश और दुनिया में बदनाम किया है। आज भी नशा मुक्ति केंद्रों में करीब तीन लाख युवा पंजीकृत हैं। यह एक आंकड़ा है, जबकि नशे से होने वाली मौतें हर दिन मीडिया और सोशल मीडिया में सुर्खियां बनती हैं।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए एक समर्पित योजना बनाएगी।

पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हाल में इस मुद्दे पर बात की है और ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी इस पर ध्यान केंद्रित किया था।

भाजपा प्रभारी पूनिया ने कहा, ‘‘इसका पूरा विवरण समय आने पर सामने आएगा और इस पर हमारी चर्चा जारी है। लेकिन भाजपा पंजाब में नशे के खिलाफ एक सुव्यवस्थित अभियान चलाएगी।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे की संभावना पर उन्होंने कहा कि जब राजनीतिक अभियान शुरू होगा तो स्वाभाविक रूप से प्रमुख नेता इसमें हिस्सा लेंगे।

भाषा रवि कांत रवि कांत माधव

माधव


लेखक के बारे में