घुसपैठियों से मुक्त पश्चिम बंगाल में हर साल युवाओं को एक लाख नौकरियां मुहैया कराएगी भाजपा: शाह
घुसपैठियों से मुक्त पश्चिम बंगाल में हर साल युवाओं को एक लाख नौकरियां मुहैया कराएगी भाजपा: शाह
(तस्वीरों के साथ जारी)
कोलकाता, 21 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को ‘‘राज्य को घुसपैठियों से मुक्त कराने’’ का अवसर बताते हुए कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में आई तो योग्यता के आधार पर युवाओं को हर साल एक लाख नौकरियां दी जाएंगी।
पश्चिम बर्धमान के औद्योगिक केंद्रों आसनसोल और बराकर के बाहरी इलाके कुलटी में दिन की अपनी दूसरी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा देश के लौह अयस्क उत्पादन केंद्र की औद्योगिक पहचान बहाल करेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘कुलटी कभी देश में लौह अयस्क उत्पादन का केंद्र हुआ करता था लेकिन ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने इसे बदहाल कर दिया है। हम इस लौह नगरी को फिर उसकी पुरानी पहचान दिलाएंगे, अवैध खनन रोकेंगे, क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाले ‘स्पंज आयरन’ उत्पादन पर प्रभावी रोक लगाएंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेंगे।’’
केंद्रीय मंत्री ने तृणमूल सरकार पर ‘‘योग्य अभ्यर्थियों की नौकरियां छीनकर अयोग्य लोगों को बेचने’’ आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘भाजपा वादा करती है कि सत्ता में आने पर वह बंगाल में हर साल एक लाख युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार देगी।’’
शाह ने वादा किया कि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने पर ‘‘घुसपैठियों से मुक्त बंगाल’’ बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नयी सरकार ‘‘राज्य में पनप रहे सिंडिकेट, माफिया और गुंडाराज’’ का भी अंत करेगी।
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा

Facebook


