घुसपैठियों से मुक्त पश्चिम बंगाल में हर साल युवाओं को एक लाख नौकरियां मुहैया कराएगी भाजपा : शाह
घुसपैठियों से मुक्त पश्चिम बंगाल में हर साल युवाओं को एक लाख नौकरियां मुहैया कराएगी भाजपा : शाह
(तस्वीरों के साथ जारी)
कोलकाता, 21 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को ‘‘राज्य को घुसपैठियों से मुक्त कराने’’ का अवसर बताते हुए मंगलवार को कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में आई, तो योग्यता के आधार पर युवाओं को हर साल एक लाख नौकरियां दी जाएंगी।
पश्चिम बर्धमान के औद्योगिक केंद्रों आसनसोल और बराकर के बाहरी इलाके कुलटी में दिन की अपनी दूसरी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने इस क्षेत्र को देश के लौह अयस्क उत्पादन का केंद्र बताया और इसकी औद्योगिक पहचान बहाल करने एवं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करने का वादा किया।
उन्होंने कहा, ‘‘कुलटी कभी देश में लौह अयस्क उत्पादन का केंद्र हुआ करता था, लेकिन ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने इसे बदहाल कर दिया है। हम इस लौह नगरी को फिर उसकी पुरानी पहचान दिलाएंगे, अवैध खनन रोकेंगे, क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाले ‘स्पंज आयरन’ उत्पादन पर प्रभावी रोक लगाएंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेंगे।’’
केंद्रीय मंत्री ने तृणमूल सरकार पर ‘‘योग्य अभ्यर्थियों की नौकरियां छीनकर अयोग्य लोगों को बेचने’’ आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘भाजपा वादा करती है कि सत्ता में आने पर वह बंगाल में हर साल एक लाख युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार देगी।’’
शाह ने वादा किया कि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने पर ‘‘घुसपैठियों से मुक्त बंगाल’’ बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नयी सरकार ‘‘राज्य में पनप रहे सिंडिकेट, माफिया और गुंडाराज’’ का भी अंत करेगी।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग ने चुनाव के लिए पर्याप्त संख्या में सीएपीएफ (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों) के जवानों की तैनाती की है। मैं ममता बनर्जी के गुंडों को चेतावनी देता हूं कि यदि वे मतदान के दिन घरों से निकलकर चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश करेंगे, तो मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि चार मई को मतगणना पूरी होने के बाद उन्हें उल्टा लटका दिया जाए और हमेशा के लिए सीधा कर दिया जाए।’’
शाह ने वादा किया कि पार्टी बंगाल में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करेगी, ताकि ‘‘एक खास समुदाय के पुरुषों द्वारा एक साथ चार विवाह करने की प्रचलित व्यवस्था’’ को रोका जा सके।
पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘तृणमूल के झूठे प्रचार के विपरीत, भाजपा बंगाल में गरीबों के लिए जारी किसी भी सरकारी योजना को बंद नहीं करेगी, बल्कि हम अतिरिक्त योजनाएं शुरू करेंगे।’’
शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के जीवन का ‘‘एकमात्र लक्ष्य’’ अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी को पश्चिम बंगाल का भावी मुख्यमंत्री बनाना है।
उन्होंने कहा, ‘‘दीदी का अपने भतीजे को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाने का सपना कभी पूरा नहीं होगा।’’
शाह ने संदेशखाली तथा आर जी कर अस्पताल, दक्षिण कोलकाता स्थित विधि महाविद्यालय एवं दुर्गापुर के एक मेडिकल कॉलेज के परिसरों में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री पर ‘‘महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल’’ रहने को लेकर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रही महिला होने के बावजूद यह कहने पर दीदी को शर्म आनी चाहिए कि महिलाएं शाम सात बजे के बाद अपने घरों में ही रहें।’’
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा वादा करती है कि वह सभी महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, चाहे वे आधी रात के बाद भी सड़कों पर हों।’’
शाह ने कहा कि इस बार का चुनाव केवल पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि ‘‘राज्य को घुसपैठियों से मुक्त करने’’ के लिए भी है।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के सत्ता में आने के बाद हम बंगाल में अवैध रूप से बसे हर विदेशी नागरिक की पहचान करेंगे और उन्हें देश से बाहर निकालेंगे।’’
केंद्रीय गृह मंत्री ने राज्य में ‘‘सिंडिकेट राज खत्म’’ करने और हाल के वर्षों में राज्य में हुए विभिन्न वित्तीय घोटालों में शामिल तथा उनसे लाभ कमाने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने का भी वादा किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हम राज्य के सुदूर कोनों से भी माफिया को खोज निकालेंगे और उन्हें जेल भेजेंगे। भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।’’
भाषा सिम्मी दिलीप
दिलीप

Facebook


