जयपुर, छह अप्रैल (भाषा) राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सोमवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी अपने स्थापना दिवस को अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार मना रही है, जबकि राजस्थान दिवस को हिंदू पंचांग के अनुसार मनाने की वकालत करती है।
उन्होंने इसे “दोहरी नीति” करार दिया।
जूली ने कहा कि यह विडंबना है कि भाजपा सरकार, जो राजस्थान दिवस को हिंदू कैलेंडर से मनाने की बात करती है, वही अपने पार्टी स्थापना दिवस को अंग्रेजी कैलेंडर से मना रही है।
उन्होंने कहा, “यह विरोधाभास क्यों? भाजपा अपना स्थापना दिवस अंग्रेजी कैलेंडर से मनाती है, लेकिन राजस्थान दिवस को हिंदी पंचांग से मनाना चाहती है।”
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, “आप अपना जन्मदिन अंग्रेजी कैलेंडर से मनाते हैं, तो फिर राजस्थान दिवस क्यों बदलना चाहते हैं? इसमें समस्या क्या है?”
राजस्थान दिवस पारंपरिक रूप से हर साल 30 मार्च को मनाया जाता है। 1949 में विभिन्न रियासतों के विलय से ‘ग्रेटर राजस्थान’ का गठन हुआ था।
हालांकि, भाजपा सरकार ने इसे चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर मनाना शुरू किया है, क्योंकि 30 मार्च 1949 को यह तिथि हिंदू माह चैत्र की पहली तिथि से मेल खाती थी।
भाषा बाकोलिया धीरज
धीरज