तमिलनाडु के कोटागिरी में काली मक्खियों के हमले से लोगों में दहशत

तमिलनाडु के कोटागिरी में काली मक्खियों के हमले से लोगों में दहशत

तमिलनाडु के कोटागिरी में काली मक्खियों के हमले से लोगों में दहशत
Modified Date: July 13, 2026 / 03:36 pm IST
Published Date: July 13, 2026 3:36 pm IST

उधगमंडलम, 13 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के पहाड़ी नीलगिरि जिले में सुदूर कोटागिरी शहर में काली मक्खियों ने लोगों में दहशत फैला दी है क्योंकि उनसे बीमारी फैलने की आशंका है।

कोटागिरी-मेट्टुपलायम घाट रोड पर – अरावेनु, कोट्टाकोम्बई और कुंजापनाई – में घरों, दीवारों एवं खाने-पीने की जगहों पर अचानक हुए काली मक्खियों के इस हमले ने लोगों को चौंका दिया है तथा वे समझ नहीं पा रहे हैं कि वे इनसे कैसे निपटें।

सूत्रों के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते से इन इलाकों में लाखों काली मक्खियों का हमला हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बहुत छोटे आकार की ये काली मक्खियां घरों, खाने-पीने की चीजों और इमारतों की दीवारों पर नजर आ रही हैं।

हालांकि, कोटागिरी में काली मक्खियों के इस प्रकोप को लेकर कोई आधिकारिक परामर्श जारी नहीं किया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि इन काली मक्खियों को अक्सर ‘बफेलो नैट्स’ या ‘डिम-डैम फ़्लाइज़’ कहा जाता है, वैसे तो ये बीमारियां नहीं फैलाती हैं, लेकिन इनके काटने से दर्द होता है और खुजली एवं सूजन हो जाती है।

ये मक्खियां अब आस-पास के इलाकों में बड़ी संख्या में फैल रही हैं।

पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सुरेश जक्कनार ने बताया कि काली मक्खियों ने घरों और दुकानों पर धावा बोल दिया है, जिससे सामान्य जीवन मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने इस बारे में पंचायत अधिकारी को जानकारी दे दी है।’’

अरावेनु इलाके के मोनीस नामक एक दुकानदार ने बताया कि शाम के समय घरों की दीवारें पूरी तरह से इन मक्खियों से ढंक जाती हैं और इनके शोर की वजह से अजीब स्थिति पैदा हो जाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘ये खाने-पीने की चीजों पर बैठ रही हैं । यह बड़ा अरूचिकर है। इसी वजह से हालात असामान्य हो गए हैं।’’

मक्खियों के बारे में लोगों की शिकायत के बाद, जैकनाराई ग्राम पंचायत के कार्यकारी अधिकारी मूर्ति उथरा के निर्देश पर सोमवार को निकाय कर्मचारियों ने कीटनाशकों का छिड़काव किया।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में