अवैध संबंधों में ‘बाधा’ बन रही पत्नी की हत्या के आरोप में पति और उसके दो रिश्तेदार गिरफ्तार

अवैध संबंधों में 'बाधा' बन रही पत्नी की हत्या के आरोप में पति और उसके दो रिश्तेदार गिरफ्तार

अवैध संबंधों में ‘बाधा’ बन रही पत्नी की हत्या के आरोप में पति और उसके दो रिश्तेदार गिरफ्तार
Modified Date: July 13, 2026 / 03:48 pm IST
Published Date: July 13, 2026 3:48 pm IST

बदायूं, 13 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में अवैध संबंधों में ‘बाधा’ बन रही पत्नी की हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति और उसके दो रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतका सत्यवती यादव (26) की एक और दो जून की मध्यरात्रि को कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई थी और उसके पति जय सिंह यादव ने उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंशुमान श्रीवास्तव के मुताबिक, मुख्य आरोपी पत्नी को अपने कथित अवैध संबंधों में बाधा मानता था, इसलिए उसने उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया। जांच के दौरान पति के चार अन्य रिश्तेदार भी शक के घेरे में आए।

पुलिस ने बताया कि इनमें से जय सिंह यादव और दो रिश्तेदारों- रामभान यादव व चंदेले यादव उर्फ झाकड़ को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों सर्वेश यादव और विजय यादव उर्फ छोटे की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शव को कुछ दिनों तक घर में पानी के टैंक में छिपाकर रखा और बाद में उसे श्मशान घाट ले जाकर जला दिया। साक्ष्य मिटाने के लिए बाद में अवशेषों को सोत नदी में फेंक दिया गया।

पुलिस ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और गहन पूछताछ की मदद से इस मामले का खुलासा किया गया। जांच के दौरान टूटी हुई चूड़ियां, पायल, बिछिया, सिंदूर, कपड़े, दुपट्टा, फावड़ा, तसला, बाल्टी, एक मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

क्षेत्राधिकारी श्रीवास्तव ने बताया कि इससे पहले बिसौली थाने में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शुरुआत में नामजद दो आरोपियों- पति और बहनोई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

उन्होंने बताया कि मामले में सबूत मिटाने से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी गई हैं। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार दो आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

भाषा

सं, जफर रवि कांत


लेखक के बारे में