बोकारो में ‘मानसिक रूप से अस्वस्थ’ व्यक्ति ने तीन पड़ोसियों की कुल्हाड़ी से हत्या की

बोकारो में ‘मानसिक रूप से अस्वस्थ’ व्यक्ति ने तीन पड़ोसियों की कुल्हाड़ी से हत्या की

बोकारो में ‘मानसिक रूप से अस्वस्थ’ व्यक्ति ने तीन पड़ोसियों की कुल्हाड़ी से हत्या की
Modified Date: August 5, 2026 / 02:18 pm IST
Published Date: August 5, 2026 2:18 pm IST

बोकारो (झारखंड), पांच अगस्त (भाषा) झारखंड के बोकारो जिले में ‘‘मानसिक रूप से अस्वस्थ एक व्यक्ति’’ ने अपने पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के तीन सदस्यों की बुधवार को कथित रूप से कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान राजू सिंह के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर मानसिक बीमारी से अस्वस्थ है और उसे शराब की लत है।

यह घटना नावाडीह थाना क्षेत्र के कुकुरलिलवा गांव में उस समय हुई, जब आरोपी का पड़ोसी जानकी महतो सुबह अपने खेत जा रहा था।

बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आरोपी ने जानकी महतो के सिर और गर्दन पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जब उसकी पत्नी सुगिया देवी उसे बचाने के लिए दौड़ी तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।’’

उन्होंने बताया कि इस हमले में जानकी महतो की भी मौत हो गई।

मीणा ने बताया कि शोर सुनकर दंपति की बहू गौरी देवी (45) भी मौके पर पहुंची और आरोपी ने उस पर भी कथित तौर पर हमला कर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गौरी को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए बोकारो सदर अस्पताल ले जाए जाएंगे।

मीणा ने कहा कि आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी और मृतकों के बीच किसी तरह की निजी रंजिश की बात सामने नहीं आई है।

उन्होंने कहा, ‘‘स्थानीय लोगों के अनुसार, उनके बीच कोई विवाद नहीं था। आरोपी ने किसी स्पष्ट कारण के बिना परिवार पर अचानक हमला कर दिया।’’

पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी हिंसक व्यवहार कर चुका है। उसने कुछ महीने पहले अपनी पत्नी पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला किया था, अपने बुजुर्ग माता-पिता को घर से निकाल दिया था और वह अकेला रह रहा था।

भाषा

सिम्मी गोला

गोला


लेखक के बारे में