चंडीगढ़ के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, तलाशी में कुछ संदिग्ध नहीं मिला

चंडीगढ़ के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, तलाशी में कुछ संदिग्ध नहीं मिला

चंडीगढ़ के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, तलाशी में कुछ संदिग्ध नहीं मिला
Modified Date: April 6, 2026 / 03:06 pm IST
Published Date: April 6, 2026 3:06 pm IST

चंडीगढ़, छह अप्रैल (भाषा) चंडीगढ़ पुलिस ने बम की धमकी वाले ईमेल मिलने के बाद सोमवार को कई स्कूलों और सरकारी इमारतों की तलाशी ली। हालांकि, उन्हें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सबसे पहले तीन निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले, जिनमें दावा किया गया था कि स्कूल में निर्धारित समय पर विस्फोट होंगे।

पुलिस के दल संबंधित स्थानों पर भेजे गए और इन शिक्षण संस्थानों के अंदर तलाशी अभियान शुरू किया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर शहर के कई अन्य स्कूलों में भी गहन तलाशी ली गयी।

स्कूलों को भेजे गए उसी धमकी भरे ईमेल में जिन सरकारी इमारतों का जिक्र था, वहां भी तलाशी अभियान चलाया गया।

हालांकि अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन चंडीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जिसमें शैक्षणिक संस्थान और प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठान शामिल हैं। यह जानकारी उस स्कूल में मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने दी, जहां जांच की जा रही थी।

ईमेल के स्रोत का पता लगाने और भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच भी शुरू कर दी गई है।

इस बीच, पंजाब के फिरोजपुर में जिला अदालत परिसर को भी ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली जिसके बाद परिसर को खाली करा लिया गया।

मौके पर बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते को तैनात किया गया और व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।

हालांकि अधिकारियों के अनुसार, वहां भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला।

यह ताजा घटना पिछले कुछ हफ्तों में चंडीगढ़ समेत पंजाब और हरियाणा के कई स्थानों में हुई इसी तरह की घटनाओं के बाद सामने आई है, जहां कुछ स्कूलों और उच्च न्यायालय को धमकी मिली थी जो बाद में झूठी साबित हुई।

भाषा

गोला नरेश

नरेश


लेखक के बारे में