बंगाल, झारखंड में तीन अदालतों को मिली बम की धमकी

बंगाल, झारखंड में तीन अदालतों को मिली बम की धमकी

बंगाल, झारखंड में तीन अदालतों को मिली बम की धमकी
Modified Date: February 25, 2026 / 05:15 pm IST
Published Date: February 25, 2026 5:15 pm IST

(तस्वीर के साथ)

कोलकाता, 25 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल और झारखंड की कम से कम तीन निचली अदालतों को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली, हालांकि तलाशी अभियान में कुछ भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बम की धमकी मिलने के बाद लोगों को अदालत से निकाला गया और तलाशी अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को अब तक की तलाशी में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है।

अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के आसनसोल और सूरी की जिला अदालतों तथा झारखंड की धनबाद दीवानी अदालत को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले।

मंगलवार को भी पश्चिम बंगाल की कम से कम छह अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जो अफवाह साबित हुई।

पश्चिम बंगाल के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘पुलिस टीमें और बम निरोधक दस्ते अदालत परिसर पहुंच गए हैं और तलाशी अभियान जारी है। अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।’’

धनबाद के पुलिस उपाधीक्षक (कानून-व्यवस्था) नौशाद आलम ने कहा, ‘‘अदालत परिसर की गहन तलाशी ली गई, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। अदालतों के अंदर और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।’’

धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने कहा कि बम की धमकी के मद्देनजर वकीलों से अदालत परिसर खाली करने का अनुरोध किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध प्रकोष्ठ इन ईमेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रहा है।

भाषा शफीक रंजन

रंजन


लेखक के बारे में