गुजरात सीएमओ, अहमदाबाद नगर निगम और आरएसएस के कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली
गुजरात सीएमओ, अहमदाबाद नगर निगम और आरएसएस के कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली
अहमदाबाद, 10 जून (भाषा) ‘‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’’ के नाम से कथित तौर पर भेजे गये एक इमेल में गांधीनगर स्थित गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ), अहमदाबाद नगर निगम और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई, जिसके बाद बुधवार को तलाशी अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सरकारी आईडी पर प्राप्त इस ईमेल में दावा किया गया है कि निश्चित समय पर विस्फोट किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को अपराह्न 1:11 बजे, अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) मुख्यालय को अपराह्न 3:11 बजे तथा शहर के मणिनगर क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय को शाम 5:11 बजे निशाना बनाने की बात ईमेल में कही गई है।
उन्होंने बताया कि धमकी के बाद दानापीठ स्थित एएमसी मुख्यालय को खाली करा लिया गया, जबकि अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अग्निशमन दल के कर्मियों को घटनास्थलों पर भेजा गया और उन्होंने व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस महानिदेशक तथा अहमदाबाद के प्रभारी पुलिस आयुक्त जी. एस. मलिक ने कहा कि जांचकर्ता ईमेल के स्रोत की जांच कर रहे हैं।
मलिक ने कहा, ‘‘इस ईमेल को भेजने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल किया गया है। गांधीनगर और अहमदाबाद पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही हैं।’’
मुख्य सचिव एम. के. दास ने धमकी भरा ईमेल मिलने की पुष्टि की और कहा कि अधिकारी सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठा रहे हैं।
दास ने गांधीनगर स्थित स्वर्णिम संकुल-1 के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है और पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। उचित कार्रवाई की जाएगी।’’
एएमसी की स्थायी समिति के अध्यक्ष कमलेश पटेल ने कहा कि ईमेल प्राप्त होने के बाद पुलिस और अग्निशमन दल ने नगर निकाय के मुख्यालय का निरीक्षण किया।
पटेल ने कहा, ‘‘जैसे ही ईमेल प्राप्त हुआ, तुरंत जांच की गई और भवन परिसर को खाली करा लिया गया। यह ईमेल किसने भेजा है, इसकी जांच की जाएगी। ऐसे ईमेल लोगों में दहशत फैलाने के लिए भेजे जाते हैं।’’
अहमदाबाद और गांधीनगर के पुलिस नियंत्रण कक्षों के अधिकारियों ने कहा कि किसी भी स्थान पर अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
भाषा
देवेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


