विजय के मंत्रिमंडल में युवा और वरिष्ठ नेताओं दोनों को मिली जगह

विजय के मंत्रिमंडल में युवा और वरिष्ठ नेताओं दोनों को मिली जगह

विजय के मंत्रिमंडल में युवा और वरिष्ठ नेताओं दोनों को मिली जगह
Modified Date: May 10, 2026 / 06:23 pm IST
Published Date: May 10, 2026 6:23 pm IST

चेन्नई, 10 मई (भाषा) टीवीके पार्टी के प्रमुख जोसेफ सी. विजय ने हालिया विधानसभा चुनाव में द्रमुक को हराने के बाद रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। विजय के नौ सदस्यीय मंत्रिमंडल में युवा और वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है। टीवीके के मंत्रियों का परिचय इस प्रकार है;

के.ए. सेंगोत्तैयान:

साल 1970 के दशक में कोयम्बटूर की कूल्लापालयम पंचायत के नेता के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत से लेकर अब तक सेंगोत्तैयान ने तमिलनाडु की राजनीति में 50 साल का सफर तय किया है। जमीनी स्तर के पार्टी कार्यकर्ता से लेकर 10 बार विधायक बनने तक की उनकी यात्रा उनके राजनीतिक धैर्य का प्रमाण है।

साल 1948 में जन्मे, सेंगोत्तैयान का उदय महज 29 साल की आयु से शुरू हुआ। अथक प्रयासों से वह 1977 में सत्यमंगलम निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार विधानसभा सदस्य बने। इस चुनाव में अन्नाद्रमुक पार्टी के संस्थापक एम.जी. रामचंद्रन (एमजीआर) के नेतृत्व में पहली बार सत्ता में आई।

एमजीआर के निधन के बाद, सेंगोत्तैयान जयललिता के कट्टर समर्थक बन गए। अन्नाद्रमुक के विभिन्न कार्यकाल में वह कई प्रमुख मंत्री पदों विशेष रूप से राजस्व मंत्री के पद पर रहे।

ई. के. पलानीस्वामी की सरकार में भी उनका प्रभाव जारी रहा जहां उन्होंने स्कूल शिक्षा मंत्री के रूप में कार्य किया।

इस पद पर रहते हुए उन्हें महत्वाकांक्षी सुधारों को लागू करने का श्रेय दिया गया।

नवंबर 2025 में पलानीस्वामी के साथ मतभेद सामने आने के बाद उन्हें अन्नाद्रमुक से निष्कासित कर दिया गया। वह जल्द ही विजय के नेतृत्व वाली टीवीके में शामिल हो गए जहां उनका दशकों का राजनीतिक अनुभव बहुमूल्य साबित हुआ।

आधव अर्जुन:

अर्जुन टीवीके के संभवत: सबसे अधिक सार्वजनिक रूप से दिखाई देने वाले नेता हैं। वह बास्केटबॉल खिलाड़ी हैं और फिलहाल भारत बास्केटबॉल महासंघ के अध्यक्ष हैं। एक राजनीतिक रणनीतिकार के रूप में वह कुछ समय वीसीके के उपमहासचिव रहे और फिर पार्टी से अलग हो गए। विलिवक्कम से निर्वाचित विधायक अर्जुन ‘लॉटरी किंग’ सैंटियागो मार्टिन के दामाद हैं और टीवीके के उभार में उनका अहम योगदान माना जाता है।

एन. आनंद:

बस्सी के नाम से मशहूर आनंद टीवीके के अध्यक्ष विजय के सबसे करीबी राजनीतिक सहयोगियों में से एक माने जाते हैं। उन्होंने पार्टी के गठन और विकास के दौरान संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, तमिलनाडु में पार्टी का जमीनी नेटवर्क और प्रचार तंत्र बनाने में मदद की।

साल 2006 में पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में बस्सी निर्वाचन क्षेत्र से पुडुचेरी मुन्नेत्र कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल करने के बाद उन्हें ‘बस्सी’ उपनाम मिला।

आनंद 17वीं तमिलनाडु विधानसभा के सदस्य बनेंगे। इससे पहले वह पुडुचेरी के विधायक रह चुके हैं।

एस. कीर्तना:

शिवकाशी निर्वाचन क्षेत्र से टीवीके की निर्वाचित विधायक एस. कीर्तना ने 29 साल की उम्र में पहली महिला विधायक बनकर सुर्खियां बटोरी हैं। उन्होंने इस सीट पर लगभग सात दशकों से जारी पुरुषों के वर्चस्व को समाप्त कर दिया।

साल 1996 में विरुधुनगर में जन्मीं कीर्तना ने सरकारी स्कूल से शिक्षा हासिल की। उन्होंने मदुरै कामराज विश्वविद्यालय से गणित में बीएससी की पढ़ाई पूरी की और 2019 में पुडुचेरी विश्वविद्यालय से एमएससी (सांख्यिकी) की।

सक्रिय राजनीति में आने से पहले कीर्तना ने ‘शो टाइम कंसल्टिंग’ और आईपैक के साथ राजनीतिक परामर्शदाता और डिजिटल अभियान रणनीतिकार के रूप में कार्य किया। वह तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और द्रमुक के चुनाव अभियानों में भी शामिल रही।

पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्रियों स्टालिन, ममता बनर्जी और आंध्र प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के साथ काम किया।

के.जी. अरुणराज:

भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के पूर्व अधिकारी और पेशे से चिकित्सक अरुणराज ने रविवार को विजय के मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में शपथ ली। कोट्टापालयम गणेशन अरुणराज (46) सरकारी नौकरी छोड़कर विजय की टीवीके में शामिल हुए।

उन्होंने टीवीके के नीति और प्रचार महासचिव के रूप में कार्य किया।

अरुणराज ने नमक्कल जिले के तिरुचेंगोड़े विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की। उन्होंने 79,500 वोट हासिल किए और अन्नाद्रमुक के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एसआरएमटी को 28,172 मतों से हराया।

उन्होंने मद्रास मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की है और कृष्णागिरि के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सरकारी चिकित्सा अधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा सलेम जिले में पूरी की।

आर. निर्मल कुमार:

टीवीके के प्रमुख नेता कुमार ने चुनाव के बाद वाम दलों के नेताओं से मुलाकात करके सरकार गठन के लिए उनका समर्थन सुनिश्चित किया। उन्होंने टीवीके की आईटी और सोशल मीडिया यूनिट का नेतृत्व किया है।

उन्होंने मदुरै के थिरुप्परनकुंद्रम विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की। वह शुरू में भाजपा के साथ थे और फिर कुछ समय अन्नाद्रमुक में रहे। कुमार 2025 में टीवीके में शामिल हुए थे।

वह टीवीके के प्रमुख रणनीतिकार बने और टीवीके की डिजिटल उपस्थिति बढ़ाने का श्रेय उन्हें जाता है। उन्होंने आईटी और सोशल मीडिया विंग के उपमहासचिव के रूप में कार्य किया। उन्होंने इंजीनियरिंग और विधि पाठ्यक्रम में पढ़ाई की है।

ए. राजमोहन:

अभिनेता, स्टैंड-अप कॉमेडियन, टीवी एंकर और निर्देशक राजमोहन टीवीके के प्रचार सचिव थे। उन्होंने एगमोर विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की।

पी. वेंकटरमणन:

टीवीके के कोषाध्यक्ष पी. वेंकटरमणन एक वकील हैं। उन्होंने मायलापोर विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की। वह टीवीके का ब्राह्मण चेहरा हैं। अक्टूबर 2024 में टीवीके के पहले राज्य सम्मेलन में उन्होंने हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई थी।

डॉ. के.टी. प्रभु:

डॉ. प्रभु पेशे से दंत चिकित्सक हैं। उन्होंने शिवगंगा जिले के करैकुडी निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की और एनटीके के संस्थापक और अभिनेता-निर्देशक सीमैन को हराया।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश


लेखक के बारे में