महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने में ब्रिक्स की अहम भूमिका: मंत्री अन्नपूर्णा देवी

महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने में ब्रिक्स की अहम भूमिका: मंत्री अन्नपूर्णा देवी

महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने में ब्रिक्स की अहम भूमिका: मंत्री अन्नपूर्णा देवी
Modified Date: July 9, 2026 / 01:56 pm IST
Published Date: July 9, 2026 1:56 pm IST

कोच्चि, नौ जुलाई (भाषा) केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बृहस्पतिवार को कहा कि महिलाओं को उद्यमियों, नवोन्मेषकों और निर्णयकर्ताओं के रूप में आगे बढ़ाने में ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग और ज्ञान साझा करने की अहम भूमिका है।

अन्नपूर्णा देवी ने यहां ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हमारे प्रतिनिधिमंडलों के बीच विषय आधारित चर्चा और संवाद ने ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग और ज्ञान साझा करने के महत्व को रेखांकित किया।’’

मंत्री ने कहा कि विचार-विमर्श में महिलाओं के लिए आर्थिक अवसरों का विस्तार करने और सदस्य देशों में डिजिटल एवं वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के प्रयासों पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘महिलाओं के नेतृत्व को मजबूत करते हुए हम महिलाओं को उद्यमियों, नवोन्मेषकों और निर्णयकर्ताओं के रूप में आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।’’

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भौगोलिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक रूप से ब्रिक्स देशों की पृष्ठभूमि अलग-अलग है लेकिन महिलाओं से जुड़े कई मुद्दे सभी जगह समान हैं और ऐसे में यह मंत्रिस्तरीय मंच संवाद के लिए महत्वपूर्ण है।

अन्नपूर्णा देवी ने महिलाओं को सशक्त बनाने में अधिक निवेश की जरूरत पर जोर देते हुए कहा, ‘‘महिला सशक्तीकरण में निवेश केवल सामाजिक न्याय का प्रश्न नहीं है, बल्कि समावेशी और सतत विकास के लिए अनिवार्य शर्त भी है।’’

उन्होंने महिला-नेतृत्व वाले विकास को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण को दिखाने वाली एक प्रदर्शनी का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं के नेतृत्व वाले स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए उत्पाद यह दिखाते हैं कि महिलाओं को सशक्त बनाने से कितना परिवर्तनकारी प्रभाव पड़ सकता है।

मंत्री ने ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय संयुक्त वक्तव्य को अपनाने के लिए सदस्य देशों का धन्यवाद भी किया और इसे ‘‘ऐतिहासिक उपलब्धि’’ बताया। उन्होंने कहा कि यह ब्रिक्स के भीतर ‘‘महिलाओं से जुड़े विमर्श को नयी दिशा देगा।’’

ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी वाली दो दिवसीय बैठक बृहस्पतिवार को संपन्न हुई।

ब्रिक्स में मूल रूप से ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं तथा 2024 में इसका विस्तार कर मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात को इसमें शामिल किया गया। इंडोनेशिया 2025 में इस समूह में शामिल हुआ।

भारत इस वर्ष सितंबर में नयी दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।

ब्रिक्स की अपनी अध्यक्षता के तहत भारत शिखर सम्मेलन से पहले देशभर में बैठकों की श्रृंखला आयोजित कर रहा है।

भाषा सिम्मी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में