भाई डी के शिवकुमार मुख्यमंत्री बन सकते हैं, अगर यह उनके भाग्य में लिखा है: डी के सुरेश

भाई डी के शिवकुमार मुख्यमंत्री बन सकते हैं, अगर यह उनके भाग्य में लिखा है: डी के सुरेश

भाई डी के शिवकुमार मुख्यमंत्री बन सकते हैं, अगर यह उनके भाग्य में लिखा है: डी के सुरेश
Modified Date: February 28, 2026 / 07:13 pm IST
Published Date: February 28, 2026 7:13 pm IST

बेंगलुरु, 28 फरवरी (भाषा) कांग्रेस के पूर्व सांसद डी के सुरेश ने शनिवार को कहा कि उनके भाई एवं कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार, मुख्यमंत्री बन सकते हैं ‘यदि यह उनके भाग्य में लिखा होगा।’

उन्होंने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनके पास विधायकों के एक वर्ग द्वारा कथित तौर पर शिवकुमार को पदोन्नत करने लिए बैठकें आयोजित करने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

सुरेश ने नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही अटकलों को खारिज कर दिया और विधायकों के बीच हो रही चर्चाओं से खुद को दूर रखा।

सुरेश ने शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने के सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘जैसा कि मैंने कहा, अगर यह मेरे भाई के भाग्य में है, तो ऐसा होकर रहेगा और यदि (किस्मत में) नहीं है, तो कुछ नहीं किया जा सकता।’’

शिवकुमार के प्रति वफादार कुछ कांग्रेस विधायकों ने शुक्रवार रात एक होटल में बैठक की और खबरों के अनुसार, अपने नेता को मुख्यमंत्री पद तक पहुंचाने के तरीकों पर चर्चा की।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, उन्होंने पार्टी हाईकमान को शिवकुमार को अगला मुख्यमंत्री बनाने के लिए राजी करने के उद्देश्य से दिल्ली जाने की भी योजना बनाई थी।

जब उनसे इस तरह की सभाओं और विधायकों द्वारा किसी निर्णय के लिए दबाव डालने के बारे में पूछा गया, तो सुरेश ने कहा, ‘मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। आपको संबंधित विधायकों से पूछना चाहिए।’ उन्होंने कहा कि जब बैठक हुई तब वह शहर में नहीं थे।

शिवकुमार का समर्थन करने वाले विधायकों की संख्या बढ़ने के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुरेश ने कहा, ‘‘ऐसा कुछ नहीं है। मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।’’

जब उनसे पूछा गया कि क्या सरकार के भीतर से उनके भाई को पदोन्नति देने के लिए कोई प्रयास किए जा रहे हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता। मैं केवल वही देख रहा हूं जो आप दिखा रहे हैं।’

सुरेश ने आंतरिक चर्चाओं के बीच धैर्य रखने का भी आग्रह किया।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में