बीएसएफ जवान की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई : एनसीबी

बीएसएफ जवान की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई : एनसीबी

बीएसएफ जवान की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई : एनसीबी
Modified Date: March 24, 2026 / 03:53 pm IST
Published Date: March 24, 2026 3:53 pm IST

जम्मू, 24 मार्च (भाषा) स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने बताया कि उसके द्वारा एक मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए बीएसएफ कांस्टेबल की मौत दो बार दिल का दौरा पड़ने से हुई।

मृत कांस्टेबल के परिजनों ने आरोप लगाया है कि केंद्रीय एजेंसी की हिरासत में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कांस्टेबल जसविंदर सिंह को मादक पदार्थ से जुड़े एक मामले में पूछताछ के सिलसिले में तीन मार्च को जम्मू से पकड़ा गया और गिरफ्तार किया गया।

एजेंसी ने बताया कि शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से कांस्टेबल की मृत्यु हो गई और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के दिशानिर्देशों के तहत आगे की कार्यवाही की जा रही है।

एनसीबी ने एक बयान में कहा कि जम्मू के आरएस पुरा निवासी सिंह को एजेंसी की जम्मू इकाई ने भारी मात्रा में हेरोइन की जब्ती से जुड़े एक मामले में कथित भूमिका के लिए गिरफ्तार किया था।

एनसीबी ने कहा, ‘उनके भाई पुपिंदर सिंह को इसी मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुपिंदर आदतन अपराधी है और पंजाब तथा जम्मू-कश्मीर में उसके खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत छह मामले दर्ज हैं।’

एनसीबी ने बताया कि 12 मार्च को बीएसएफ जवान को भारी मात्रा में ट्रामाडोल की जब्ती से जुड़े एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया गया था और उसकी हिरासत बार-बार बढ़ाई जाती रही। वह 23 मार्च तक एनसीबी की हिरासत में था।

एनसीबी ने बताया, “जसविंदर सिंह को तकनीकी विश्लेषण से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया था, जिससे पता चला कि वह पाकिस्तान, पंजाब और जम्मू में स्थित तस्करों के संपर्क में था। जांच के आधार पर, उसे आगे की पूछताछ के लिए 19 मार्च की शाम को अमृतसर ले जाया गया। 19 मार्च को अमृतसर में उसे सीने में दर्द हुआ और उसे तुरंत अमृतसर के पल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एनसीबी ने बताया, “ सिंह की हृदय गति दो बार रुकी और 20 मार्च की सुबह अमृतसर के पल्स अस्पताल में उसकी मौत हो गयी।”

एनसीबी ने कहा, “जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। एनएचआरसी के दिशानिर्देशों के तहत सभी निर्धारित प्रक्रियाओं का विधिवत पालन किया जा रहा है।”

बीएसएफ जवान की शुक्रवार रात अमृतसर में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि हिरासत में उसकी बेरहमी से पिटाई की गई थी।

जसविंदर सिंह की मां गुरमीत कौर ने बताया कि उनका बेटा छुट्टी पर घर आया था और एनसीबी ने उसे हिरासत में ले लिया।

कौर ने बताया कि परिवार को 20 मार्च को सूचित किया गया था कि सिंह की तबीयत बिगड़ गई है, लेकिन उन्हें यह नहीं बताया गया कि उसे क्यों ले जाया गया।

परिवार ने दावा किया कि सिंह की बेरहमी से पिटाई की गई और उन्होंने न्याय की मांग करते हुए रविवार को जम्मू में विरोध प्रदर्शन किया।

जसविंदर सिंह की पत्नी ने “उसकी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों” के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की।

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में