दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेल नेटवर्क पर सबवे का निर्माण करें: वैष्णव

दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेल नेटवर्क पर सबवे का निर्माण करें: वैष्णव

दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेल नेटवर्क पर सबवे का निर्माण करें: वैष्णव
Modified Date: March 26, 2026 / 09:49 pm IST
Published Date: March 26, 2026 9:49 pm IST

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को सभी रेलवे जोन के अधिकारियों के साथ एक कार्यशाला आयोजित की और उन्हें निर्देश दिया कि वे आवासीय क्षेत्रों के आसपास सबवे बनाने की योजना तैयार करें ताकि लोग सुरक्षित रूप से रेल पटरियों को पार कर सकें।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, रेल मंत्रालय ने अगले पांच से छह वर्षों में देशभर में रेलवे पटरियों के आसपास के सभी आवासीय क्षेत्रों को शामिल करने की योजना बनाई है।

वैष्णव ने अधिकारियों से सबवे को इस तरह से तैयार करने को कहा कि लोग इनका इस्तेमाल करने में सहज महसूस करें और बरसात के मौसम में इन सबवे में जलभराव की समस्या न हो।

मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘ये सबवे उन बस्तियों के निकट बनाए जाएंगे जहां स्थानीय लोगों को अपनी दैनिक गतिविधियों के लिए अक्सर पटरियों को पार करना पड़ता है। रेलवे पटरियों को पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह पहल की गई है।’’

इसने कहा, ‘‘मंत्रालय ने अगले पांच से छह वर्षों में देशभर में रेलवे पटरियों के आसपास के सभी बस्तियों को शामिल करने की योजना बनाई है। इसका निर्माण इस प्रकार किया जाएगा कि रेल यातायात को अवरुद्ध करने में केवल 12 घंटे लगेंगे।’’

अधिकारियों ने बताया कि कई जगहों पर, रेल पटरियों के एक तरफ आवासीय क्षेत्र हैं और दूसरी तरफ खेत, स्कूल, श्मशान और दैनिक उपयोग के अन्य प्रतिष्ठान हैं।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिदिन कई दुर्घटनाओं की खबरें आ रही हैं। इन सबवे से पटरियों को पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा। ये सबवे देश की एक बड़ी आबादी के लिए वरदान साबित होंगे।’’

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में