बदायूं में निर्माणाधीन टंकी से गिरकर सांड़ की मौत, जांच के आदेश
बदायूं में निर्माणाधीन टंकी से गिरकर सांड़ की मौत, जांच के आदेश
बदायूं (उप्र), 16 मई (भाषा) बदायूं जिले के एक गांव में शनिवार सुबह 50 फुट ऊंची निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़े एक सांड़ की गिरकर मौत हो गई। घटना को लेकर ग्रामीणों के आक्रोश के बाद जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना मूसाझाग थाना क्षेत्र के किसरुआ गांव की है जहां टंकी पर चढ़ा सांड़ करीब एक घंटे तक ऊपर टहलता रहा और संतुलन बिगड़ने पर नीचे गिरने के कारण उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर ‘डायल-112’ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
ग्रामीण ओमवीर सिंह यादव ने बताया कि पानी की टंकी का निर्माण कार्य पिछले तीन वर्षों से अधूरा पड़ा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान का भाई ‘‘चौकीदारी के नाम पर हर महीने आठ हजार रुपये लेता’’ है, लेकिन ड्यूटी पर नहीं आता। इसी वजह से टंकी का गेट खुला रह गया और सांड़ अंदर चला गया।
जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि निर्माण कार्य अधूरा क्यों पड़ा है और इसमें किसकी लापरवाही रही।
जिलाधिकारी ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं आनन्द अमित खारी
खारी

Facebook


