कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मेसी के कार्यक्रम में अव्यवस्था के मामले में विश्वास को अंतरिम सुरक्षा दी
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मेसी के कार्यक्रम में अव्यवस्था के मामले में विश्वास को अंतरिम सुरक्षा दी
कोलकाता, 10 जून (भाषा) कलकत्ता उच्च न्यायालय ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास को दिसंबर में साल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित लियोनेल मेसी से जुड़े कार्यक्रम में हुई अव्यवस्था के मामले में किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से अंतरिम राहत प्रदान की।
न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने विश्वास को निर्देश दिया कि वह अदालत की अनुमति के बिना शहर से बाहर नहीं जाएंगे। विश्वास ने इससे पहले पूछताछ के लिए उपस्थित होने संबंधी बिधाननगर पुलिस के दो नोटिसों का पालन नहीं किया था।
विश्वास को निर्देश दिया गया कि वह सात दिन के भीतर अपना पासपोर्ट निचली अदालत में जमा करें।
उच्च न्यायालय ने यह भी निर्देश दिया कि पूर्व मंत्री जांच एजेंसी द्वारा जारी नोटिस पर उसके समक्ष उपस्थित होंगे। साथ ही, यह नोटिस उन्हें कम से कम 48 घंटे पहले दिया जाना चाहिए।
सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने कहा कि इस घटना को लेकर सभी शर्मिंदा हैं, क्योंकि लियोनेल मेसी को साल्ट लेक स्टेडियम छोड़कर जाना पड़ा था।
अदालत ने टिप्पणी की कि उस दिन मैदान पर जरूरत से कहीं अधिक लोग मौजूद थे और उस समय याचिकाकर्ता राज्य के खेल मंत्री थे।
मामले की अगली सुनवाई चार अगस्त को होगी।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


