ग्रेटर नोएडा में अकाउंटेंट की आत्महत्या के मामले में प्रधानाचार्य और चेयरमैन के खिलाफ मुकदमा

Ads

ग्रेटर नोएडा में अकाउंटेंट की आत्महत्या के मामले में प्रधानाचार्य और चेयरमैन के खिलाफ मुकदमा

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 01:07 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 01:07 PM IST

नोएडा (उप्र), 29 सितंबर (भाषा) ग्रेटर नोएडा के एक निजी स्कूल के अकाउंटेंट की आत्महत्या के मामले में इस शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य और चेयरमैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, देवला पक्षी विहार कॉलोनी स्थित एम.वी. कॉन्वेंट स्कूल के चेयरमैन जी.एस. विश्वास और प्रधानाचार्य आरती भाटी द्वारा तीन लाख रुपये के गबन का आरोप लगाए जाने के बाद अकाउंटेंट प्रिंस सिंह ने 25 सितंबर को परिसर में फंदा लगाकर कथित तौर पर खुदकुशी कर ली थी।

सूरजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि सिंह की बहन राखी ने सोमवार देर रात थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि विश्वास और भाटी ने उनके भाई पर गबन का झूठा आरोप लगाकर उसे परेशान किया, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया।

थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।

भाषा सं वैभव खारी

खारी