मछली पकड़ने वाली नौका को टक्कर मारने वाले पनामा के जहाज के कप्तान के खिलाफ मामला दर्ज
मछली पकड़ने वाली नौका को टक्कर मारने वाले पनामा के जहाज के कप्तान के खिलाफ मामला दर्ज
तिरुवनंतपुरम, नौ मार्च (भाषा) तिरुवनंतपुरम में तट के पास मछली पकड़ने वाली एक नौका को टक्कर मारने के आरोप में पुलिस ने पनामा के जहाज के कप्तान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस घटना में दो मछुआरे लापता हो गए जबकि नौ अन्य को बचा लिया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
विझिंजम तटीय पुलिस ने कोल्लम के शक्तिकुलंगरा निवासी और मछली पकड़ने वाली नौका ‘सेंट जोसेफ’ के मालिक रमेश मैथ्यू की शिकायत के आधार पर रविवार को जहाज ‘सोलिस’ के कप्तान के खिलाफ यह मामला दर्ज किया ।
‘सेंट जोसेफ’ शुक्रवार रात मछली पकड़ने के लिए निकली थी।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी के अनुसार, लापता मछुआरों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी बादल दास (23) और लक्ष्मण दास (45) के रूप में हुई है। बचाए गए नौ मछुआरों में से पांच पश्चिम बंगाल और चार तमिलनाडु के रहने वाले हैं।
प्राथमिकी के अनुसार तमिलनाडु के बैजू की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है जबकि पश्चिम बंगाल के विमल दास गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राथमिकी में कहा गया है कि आरोपी कप्तान ने मानवीय जीवन को खतरे में डालते हुए पनामा पंजीकृत जहाज ‘सोलिस’ का संचालन लापरवाही और दोषपूर्ण तरीके से किया। सात मार्च को अपराह्न करीब ढाई बजे अरब सागर में विझिंजम से लगभग 70 और तमिलनाडु के कोलाचेल से 53 समुद्री मील दूर जहाज ने ‘सेंट जोसेफ’ को टक्कर मारी।
इसमें कहा गया है कि हादसे के बाद ‘सेंट जोसेफ’ डूब गई जिससे इसके मालिक को लगभग 1.5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भारतीय तटरक्षक बल ने रविवार को बताया कि लापता मछुआरों की तलाश के लिए अभियान जारी है।
इस बीच, नौवहन महानिदेशालय ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


