सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में सीजीएचएस की अतिरिक्त निदेशक को गिरफ्तार किया
सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में सीजीएचएस की अतिरिक्त निदेशक को गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) मेरठ की अतिरिक्त निदेशक नताशा वर्मा और उनके निजी सहायक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सीबीआई ने सीजीएचएस के एक कर्मचारी का मुरादाबाद से मेरठ तबादला कराने के वास्ते अधिकारियों की ओर से 80,000 रुपये रिश्वत मांगने को लेकर वर्मा के खिलाफ यह मामला दर्ज किया था।
सीबीआई प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘ सीबीआई ने जाल बिछाया। उस दौरान, दोनों आरोपी– निजी सहायक और अतिरिक्त निदेशक शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये रिश्वत लेने के लिए सहमत हो गए । बाद में निजी सहायक को सीजीएचएस की अतिरिक्त निदेशक की ओर से 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। ’’
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘दोनों आरोपियों–अतिरिक्त निदेशक एवं उनके निजी सहायक को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है।’’
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश

Facebook


