सीबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस धोखाधड़ी मामले में सात परिसरों में तलाशी अभियान चलाया
सीबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस धोखाधड़ी मामले में सात परिसरों में तलाशी अभियान चलाया
नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बृहस्पतिवार को अनिल धीरूभाई अंबानी समूह की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में सात परिसरों में तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सीबीआई के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि मुंबई, गुरुग्राम और बेंगलुरु में कंपनी के तत्कालीन सीईओ, सीएफओ और निदेशकों के आवासीय परिसरों पर तलाशी ली गई जिन्होंने 2015-2017 की अवधि के दौरान अपनी सेवाएं दीं।
बयान में कहा गया है, ‘‘मुंबई स्थित सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश द्वारा दिनांक 14.05.2026 को जारी किए गए तलाशी वारंट के आधार पर ये तलाशी अभियान चलाए गए। तलाशी अभियान के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए और इस संबंध में जांच जारी है।’’
प्रवक्ता ने कहा कि सीबीआई ने अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस समूह के खिलाफ विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और एलआईसी द्वारा दर्ज की गई शिकायतों के आधार पर हजारों करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी के मामलों में सात मामले दर्ज किए हैं।
बयान में कहा गया है, ‘‘इन मामलों में कथित नुकसान की कुल राशि 27,337 करोड़ रुपये है।’’
प्रवक्ता ने बताया कि सीबीआई ने इससे पहले 31 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया था और रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) के दो वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार किया था।
भाषा देवेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


