सीबीआई ने कर्नाटक के पूर्व मंत्री रोशन बेग के आवास पर छापा मारा
सीबीआई ने कर्नाटक के पूर्व मंत्री रोशन बेग के आवास पर छापा मारा
बेंगलुरू, 23 नवम्बर (भाषा) केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने करोड़ों रुपये के आई-मॉनेटरी एडवायजरी (आईएमए) पोंजी घोटाला मामले में सोमवार को कर्नाटक के पूर्व मंत्री आर. रोशन बेग के घर पर छापा मारा। सीबीआई ने बेग की गिरफ्तारी के एक दिन बाद यह कार्रवाई की।
एजेंसी के सूत्रों ने बताया कि सीबीआई के यहां स्थित कार्यालय के अधिकारियों ने कांग्रेस से निष्कासित नेता बेग के पुलकेशी नगर स्थित आवास समेत दो स्थानों पर छापेमारी की।
सीबीआई के एक सूत्र ने बताया, ‘‘सुबह साढ़े सात बजे तलाशी शुरू की गयी और यह शाम चार बजे खत्म हुई।’’
एजेंसी ने 4000 करोड़ रुपये के आईएमए पोंजी घोटाले में दिनभर पूछताछ के बाद रविवार को बेग को गिऱफ्तार किया था।
कर्नाटक स्थित आईएमए और इसके समूह की कंपनियों द्वारा चलाई जा रही चार हजार करोड़ों रुपये की पोंजी स्कीम में कथित रूप से ऊंचे रिटर्न देने का वादा करके लाखों लोगों को ठगा गया था।
पिछले साल कांग्रेस के खिलाफ बगावत करने वाले बेग को विधायक के तौर पर अयोग्य ठहराया गया था। बेग को रविवार सुबह सीबीआई कार्यालय में पेशी के लिए तलब किया गया था और ‘‘ ठोस सबूतों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया’’ था।
इसके बाद शिवाजी नगर के पूर्व विधायक बेग को अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल भेज दिया गया था।
बहरहाल, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धरमैया ने कहा कि बेग के साथ पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘बेग हमारी पार्टी में नहीं हैं और उनके साथ हमारा कोई जुड़ाव नहीं है।’’
यह घोटाला पिछले साल जून में तब सामने आया जब पोंजी स्कीम संचालक मोहम्मद मंसूर खान मामले में बेग और कुछ सरकारी अधिकारियों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए देश से फरार हो गया। खान ने आरोप लगाया था कि बेग ने उनसे 400 करोड़ रुपये लिए थे। हालांकि, बेग ने इन आरोपों को खारिज किया था।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


