सीबीएसई ने पुनर्मूल्यांकन पोर्टल के ठीक से काम करने का दावा किया

सीबीएसई ने पुनर्मूल्यांकन पोर्टल के ठीक से काम करने का दावा किया

सीबीएसई ने पुनर्मूल्यांकन पोर्टल के ठीक से काम करने का दावा किया
Modified Date: May 19, 2026 / 01:27 pm IST
Published Date: May 19, 2026 1:27 pm IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) सीबीएसई कक्षा 12 के पुनर्मूल्यांकन पोर्टल में तकनीकी खामियों की छात्रों की शिकायतों के बीच बोर्ड ने मंगलवार को दावा किया कि सिस्टम ठीक से काम कर रहा है और दिन की शुरुआत में लॉगिन से संबंधित केवल कुछ समस्याओं की ही रिपोर्ट मिली थी।

कई छात्रों ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तकनीकी खराबी की शिकायत की जिनका दावा था कि पोर्टल ‘क्रैश’ हो गया था और वे लॉगइन या आवेदन जमा नहीं कर पा रहे थे।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि उन्हें सुबह कुछ छात्रों के फोन आए थे जो लॉगइन नहीं कर पा रहे थे लेकिन उसके बाद कोई शिकायत नहीं मिली।

उन्होंने कहा, ‘‘कभी-कभी जब छात्र एक ही पेज खोलते हैं, तो पहले से सेव किया गया पेज फिर से खुल जाता है। मैंने उनसे कंप्यूटर रीस्टार्ट करने को कहा। उसके बाद मुझे कोई फोन नहीं आया।’’

उन्होंने अस्थायी समस्याओं का सामना कर रहे छात्रों को कुछ समय बाद फिर से प्रयास करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा, ‘‘अगर कभी-कभी वे लॉगइन नहीं कर पाते हैं, तो इसका मतलब यह नहीं है कि वे लंबे समय तक आवेदन प्रक्रिया में फंसे रहेंगे। वे इंतजार कर सकते हैं और फिर से आवेदन जमा कर सकते हैं।’’

भारद्वाज ने यह भी कहा कि पोर्टल ठीक से काम कर रहा है।

भारद्वाज ने कहा, ‘‘मेरी तरफ से तो यह ठीक से काम कर रहा है। मैंने एक डमी उम्मीदवार के तौर पर भी आवेदन जमा किया था और वह सही तरीके से जमा हो गया।’’

बड़ी तकनीकी खराबी के दावों को खारिज करते हुए भारद्वाज ने कहा कि समस्याएं उपयोगकर्ताओं के कमजोर इंटरनेट कनेक्शन से जुड़ी हो सकती हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ छात्रों द्वारा ‘कैप्चा’ दिखाई नहीं देने की शिकायत किए जाने के बाद पोर्टल से ‘कैप्चा’ फीचर हटा दिया गया है।

जब भारद्वाज से पूछा गया कि क्या पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद पोर्टल पर अधिक उपयोगकर्ताओं के आने के कारण उसकी गति धीमी हो गई है, तो उन्होंने इस संभावना को खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे ऐसा नहीं लगता क्योंकि राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) हमारी वेबसाइट की देखरेख कर रहा है और उनकी तरफ से भी सब कुछ ठीक है। एनआईसी में भी एक टीम इस पूरे काम को देख रही है।’’

छात्रों और अभिभावकों द्वारा बोर्ड की ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ प्रणाली को लेकर जताई गई चिंताओं के बाद सीबीएसई ने मंगलवार को कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड ने छात्रों को अपनी चिंताएं उठाने के लिए 19 मई से 22 मई तक का समय दिया है।

छात्र 26 मई से 29 मई के बीच पुन: जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं को देख सकेंगे।

बोर्ड ने इस बार यह भी निर्णय लिया है कि यदि छात्र अपनी उत्तर पुस्तिकाएं देखना चाहते हैं, तो वे 700 रुपये के बजाय 100 रुपये का शुल्क देकर ऐसा कर सकते हैं। यदि वे उत्तर पुस्तिका का सत्यापन या पुष्टि करवाना चाहते हैं, तो उन्हें 500 रुपये के बजाय 100 रुपये का भुगतान करना होगा। यदि वे किसी विशेष उत्तर की पुनः जांच करवाना चाहते हैं, तो शुल्क प्रति प्रश्न 25 रुपये होगा।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव


लेखक के बारे में