सीईसी ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त किया जाए : अशोक गहलोत
सीईसी ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त किया जाए : अशोक गहलोत
जयपुर, 23 सितंबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के कृत्य देश को ‘‘बर्बाद’’ कर रहे हैं।
गहलोत ने निर्वाचन आयोग के कई फैसलों पर दो आयुक्तों द्वारा लिखित आपत्ति दर्ज कराए जाने की खबर सामने आने के बाद यह मांग की।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘अब अगर निर्वाचन आयोग के दो सदस्यों ने कह दिया है तो आप सोच सकते हो कितने बड़े गुनहगार हैं ये ज्ञानेश कुमार। इनको तत्काल बर्खास्त करना चाहिए।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी तो पहले ही इस मुद्दे को उठा रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘ये बात तो पूरा देश जानता है और ये संदेह पहले से ही था क्योंकि जिस प्रकार से ज्ञानेश कुमार जी की हरकतें हो रही हैं, वो छिपा हुआ नहीं है। बंगाल और बिहार में जो तमाशे किए और उनकी (ज्ञानेश कुमार) जो दिल्ली के अंदर तानाशाही थी, उसको राहुल जी तो पहले से उठा ही रहे थे पर अब खुद के आयोग के सदस्यों (चुनाव आयुक्तों) ने ज्ञानेश कुमार को ‘एक्सपोज’ कर दिया।’’
गहलोत ने कहा, ‘‘ये राजग सरकार के लिए, प्रधानमंत्री के लिए, अमित शाह के लिए बहुत बड़े शर्म की बात है। आप देश के प्रधानमंत्री हो, गृहमंत्री हो और आपने ऐसे व्यक्ति का चयन किया।’’
गहलोत ने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए संसद और विधानसभाओं की सीटें अपने हिसाब से तय करने तथा चीन, रूस व उत्तर कोरिया की तरह एक पार्टी के स्थायी शासन की तैयारी चल रही है।
उन्होंने कहा कि देशवासियों के साथ ही ‘जेन जी’ को भी इस स्थिति को समझना चाहिए।
गहलोत ने आरोप लगाया, ‘‘देश को निर्वाचन आयोग की हरकतें बर्बाद कर रही हैं। निष्पक्ष चुनाव समाप्त हो गए हैं, लोगों का विश्वास भी हट गया है। लोग तो मांग कर रहे हैं कि आप मत पत्रों पर चुनाव करवाओ और ये सुनना ही पसंद नहीं करते।’’
राजस्थान में हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों पर गहलोत ने कहा कि असम की तर्ज पर यहां भी एकतरफा परिसीमन किया गया। विपक्षी दलों के नवनिर्वाचित पार्षदों को कथित तौर पर धमकाए जाने, उन्हें लालच दिए जाने व सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किए जाने का आरोप लगाते हुए गहलोत ने कहा कि राजस्थान के इतिहास में चुनाव में पहली बार ऐसी हरकतें हुई हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर कटाक्ष करते हुए गहलोत ने कहा, ‘‘मैं उन्हें भला आदमी समझता था, पर मैं सोच नहीं सकता था कि वे इस तरह के चुनाव करवाकर राजस्थान को बर्बाद कर देंगे। ऐसी जीत पर गर्व करना शर्मनाक है।’’
भाषा पृथ्वी शफीक
शफीक

Facebook


