‘ब्रेक फेल’ होने से ‘सीमेंट मिक्सर ट्रक’ ने 11 वाहनों को टक्कर मारी, नौ लोग घायल

Ads

‘ब्रेक फेल’ होने से ‘सीमेंट मिक्सर ट्रक’ ने 11 वाहनों को टक्कर मारी, नौ लोग घायल

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 03:19 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 03:19 PM IST

गुरुग्राम, 17 सितंबर (भाषा) फरीदाबाद मार्ग पर बुधवार रात ‘ब्रेक फेल’ होने के कारण एक ‘सीमेंट मिक्सर ट्रक’ ने आगे चल रहे 11 वाहनों को टक्कर मार दी जिससे कम से कम नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार रात करीब पौने 10 बजे घाटा टी-प्वाइंट से पारस क्वार्टियर इमारत की ओर जाने वाली ढलान पर हुआ। दुर्घटना के बाद सड़क पर वाहनों के क्षतिग्रस्त हिस्से बिखर गए, जिससे कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

पुलिस ने बताया कि ट्रक ने सात कारों और दो मोटरसाइकिलों समेत 11 वाहनों को टक्कर मारी।

क्षतिग्रस्त वाहनों में एक इलेक्ट्रिक कैब और अस्थायी पंजीकरण वाली नई ग्रैंड विटारा कार भी शामिल थी।

इसके अलावा यह एक दूसरे ट्रक से भी टकराया जिसमें करीब 50 टन पत्थर लदे हुए थे।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।

इसके बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को एक-एक कर सड़क से हटाया गया।

मौके पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे यातायात सामान्य हो गया और करीब एक घंटे में जाम खुल गया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक आगे चल रहे वाहनों से एक के बाद एक टकराता चला गया। अंत में पत्थरों से लदे डंपर से टकराने के बाद ट्रक धीमा हुआ। अभी तक किसी कार चालक या वाहन में सवार व्यक्ति ने इस मामले में शिकायत दर्ज नहीं कराई है।’’

भाषा संतोष

संतोष