फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की

Ads

फिल्म 'हनुमान अंश' ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 05:00 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 05:00 PM IST

नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) बाबा नीम करोली के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

छोटे बजट में बनी इस फिल्म को सात अगस्त को रिलीज होने के बाद शुरुआती कुछ हफ्तों में दर्शक जुटाने के लिए संघर्ष करना पड़ा था, लेकिन बाद में यह बॉक्स ऑफिस पर अप्रत्याशित रूप से सफल रही और इस साल की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो गई।

ट्रेड वेबसाइट ‘सैकनिल्क’ के अनुसार, फिल्म ने बुधवार को 7.41 करोड़ रुपये कमाए, जिससे दुनियाभर में फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर कमाई का आंकड़ा बढ़कर 300.25 करोड़ रुपये हो गया।

फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 280 करोड़ रुपये की कमाई की है, जबकि 11 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में रिलीज होने के बाद विदेशों में 20.25 करोड़ रुपये कमाए हैं।

विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित ‘हनुमान अंश’ उत्तराखंड के प्रसिद्ध संत बाबा नीम करोली के जीवन की कहानी प्रस्तुत करती है। बाबा का वास्तविक नाम लक्ष्मण नारायण शर्मा था। इस फिल्म की पटकथा भी चतुर्वेदी ने ही लिखी है।

महज दो करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म लक्ष्मीनारायण की कहानी है, जो अपनी मां की मृत्यु के बाद ईश्वर की तलाश में आध्यात्मिक यात्रा पर निकलता है।

फिल्म में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में हैं। इसमें विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल भी नजर आए हैं।

बाबा नीम करोली का जन्म करीब 1900 में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के एक गांव में हुआ था और 1973 में उन्होंने अंतिम श्वांस ली थी। उनका कम उम्र में विवाह हुआ था और बाद में वह साधु बन गए थे।

उनके अनुयायियों में जूलिया रॉबर्ट्स, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा जैसी चर्चित हस्तियां शामिल हैं। कहा जाता है कि स्टीव जॉब्स और मार्क जुकरबर्ग भी उत्तराखंड स्थित कैंची धाम आश्रम गए थे।

भाषा

राखी रंजन

रंजन