नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने मणिपुर में जनगणना प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि 2001 और 2011 की जनगणना से जुड़े अनसुलझे मुद्दों का ‘‘निष्पक्ष और विवेकपूर्ण’’ तरीके से समाधान किए बिना नई जनगणना आगे नहीं बढ़ाई जानी चाहिए।
पार्टी सांसद विमल अकोइजम ने संवाददाताओं से कहा कि मणिपुर में जनसंख्या वृद्धि से जुड़े आंकड़ों को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं और स्वतंत्र विद्वानों ने भी इस विषय का अध्ययन किया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) से जुड़े स्वतंत्र विद्वानों ने इस मुद्दे का अध्ययन किया है और उनका कहना है कि मणिपुर में जनसंख्या में असामान्य वृद्धि को सामान्य जनसांख्यिकीय कारकों के आधार पर नहीं समझाया जा सकता।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि इन अनसुलझे मुद्दों का पहले उचित तरीके से समाधान किया जाना जरूरी है और उसके बाद ही नई जनगणना की प्रक्रिया आगे बढ़नी चाहिए।
अकोइजम ने कहा कि मणिपुर के लोग यह मांग कर रहे हैं कि अवैध प्रवासियों और विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए एक निष्पक्ष और उचित प्रक्रिया अपनाई जाए।
भाषा हक हक नरेश
नरेश